उत्तर प्रदेश के कानपुर में सरेआम पति-पत्नी का हंगामा देखने को मिला। सोमवार (23 सितंबर) को यहां एक महिला ने अपने पति को बिजली के खंभे से बांधकर जमकर पीटा। सरेआम यह घटनाक्रम देख लोगों की भीड़ जुट गई। काफी देर तक हुई पिटाई के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पति को छुड़ाया। इसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस दौरान महिला ने अपने पति लातों-घूंसों से फिल्मी अंदाज में पीटा। इस मामले में जानकारी मिली है कि महिला अपने पति की शक करने की आदत के चलते परेशान थी।
मोबाइल के इस्तेमाल पर भी थी आपत्तिः प्राप्त जानकारी के मुताबिक पति-पत्नी दोनों बाबू-पुरवा थाना क्षेत्र में एक साथ रहते हैं। दरअसल पति अपनी पत्नी पर शक करता था। पत्नी के मोबाइल पर बात करने को लेकर भी उसे आपत्ति थी। शक की आदतों की वजह से दंपती में आए दिन विवाद होता रहता था।
पीछा करने पर बढ़ा विवादः सोमवार को पत्नी बिना किसी को बताए किदवई नगर हनुमान मंदिर की तरफ जा रही थी। इस दौरान पति उसका पीछा कर रहा था। जब पत्नी ने पति को देख लिया कि वह पीछा कर रहा है तो इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
पहले पति ने पीटा, फिर पत्नी नेः पहले पति ने पत्नी को लगातार कई तमाचे मारे। इस पर स्थानीय लोगों ने उसे मनचला समझकर पीट दिया। इसके बाद महिला ने भी अपने पति को बिजली के खंभे से बंधवा दिया और जमकर पिटाई कर दी। पति के मुंह में इतने घूंसे मारे कि उसके मुंह से खून निकलने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस पति और पत्नी को थाने ले गई। बाबू पुरवा इंस्पेक्टर ने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कही है।

