Himachal Pradesh Assembly Election: कांग्रेस ने मंगलवार (25 अक्टूबर) को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने की आखिरी तारीख को नामांकन दाखिल करने से महज 2.5 घंटे पहले हमीरपुर सीट से डॉ पुष्पेंद्र वर्मा को अपना उम्मीदवार घोषित किया। वह राज्य के पूर्व उद्योग मंत्री रंजीत सिंह वर्मा के बेटे हैं। मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नामांकन का आखिरी दिन है। कांग्रेस ने अपनी आखिरी लिस्ट पर्चा भरने से कुछ ही घंटों से पहले जारी की। इसके पहले कांग्रेस ने 67 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था।

डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा हिमाचल प्रदेश मेडिकल एसोसिएशन के मौजूदा महासचिव हैं। सीईसी के महासचिव मुकुल वासनिक ने हमीरपुर से डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा को प्रत्याशी बनाए जाने के लिए पत्र जारी कर ऐलान किया है। हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव के लिए 17 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की गई थी और नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर है।

प्रतिभा सिंह और सुखविंदर सिंह सुक्खू में नहीं बैठ रहा था तालमेल

इसके पहले हमीरपुर विधानसभा सीट को लेकर कांग्रेस में उम्मीदवार को तय करने को लेकर मामला उलझा हुआ दिखाई दे रहा था। प्रदेश कांग्रेस चीफ प्रतिभा सिंह और चुनाव प्रचार कमेटी के मुखिया सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच तालमेल सही नहीं बैठ पा रहा था जिसकी वजह से हमीरपुर विधानसभा सीट पर उम्मीदवार को लेकर पेंच फंसता हुआ दिखाई दे रहा था। हालांकि नामांकन दाखिल होने से पहले कांग्रेस ने इस सीट से उम्मीदवार का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही कांग्रेस ने हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए सभी सीटों से उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। हिमाचल प्रदेश में एक ही चरण में 12 नवंबर को वोटिंग होगी। 8 दिसंबर को चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे।

कांग्रेस ने जारी की है 40 स्टार प्रचारकों की सूची

वहीं इसके पहले शनिवार (22 अक्टूबर, 2022) को कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी थी। इस सूची में शामिल कांग्रेस के दिग्गज जैसे सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, नवनिर्वाचित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संजय दत्त और आनंद शर्मा समेत 40 नेता हिमाचल में चुनावी सभाएं करते नजर आएंगे। राज्य से वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा, हिमाचल कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह, सीएलपी नेता मुकेश अग्निहोत्री और पूर्व राज्य पार्टी प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किए गए हैं।