केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार (27 अक्टूबर, 2018) को उन सभी राजनीतिक पार्टियों को आगाह किया जो भाजपा के खिलाफ कांग्रेस संग गठबंधन कर रही हैं। गृहमंत्री ने कहा कि जो राहुल गांधी के नेतृत्व वाली पार्टी संग गठबंधन कर रहे हैं वो आखिर में धोखा खाएंगे। राजनाथ सिंह का वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई ने जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा, ‘आज जैसे हालात पैदा हुए हैं, सारी राजनीतिक पार्टियां भाजपा के बढ़ते हुए प्रभाव से डरी हुई हैं। सारी पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ना चाहती हैं।’ केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि जितना बड़ा गठबंधन करना चाहते हैं कीजिए। उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, मगर एजेंडा सही होना चाहिए। विपक्षी पार्टियों के पास देश हित से जुड़ा हुआ कोई एजेंडा नहीं है। सभी पार्टियों के पास एक ही एजेंडा है, सिर्फ मोदी को रोको। सिर्फ यही एजेंडा है।

मोदी सरकार में गृहमंत्री ने आगे कहा, ‘सारी विपक्षी दलों को मै याद दिलाना चाहता हूं। ध्यान से सुन लें सारी विपक्षी दल। जो भी कांग्रेस के साथ गया। उसका सफाया होने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती है। आखिर में सारी विपक्षी पार्टियां जो कांग्रेस के साथ गईं, बाद में पछताती है।’ सिंह के मुताबिक बाद में कहीं ऐसे हालात ना हो जाएं कि सारी विपक्षी पार्टियां आपस में गठबंधन कर लें और जब कांग्रेस से धोखा खा जाएं तो मीटू कैम्पेन चलाने के लिए मजबूर ना हो जाएं। राजनाथ सिंह और भाजपा के चोटी के नेता भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए हैदराबाद पहुंचे हैं।

बता दें कि गृहमंत्री राजनाथ सिंह इससे पहले जम्मू एवं कश्मीर में सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने के लिए श्रीनगर पहुंचे थे यहां उन्होंने घाटी व भारत-पाकिस्तान सीमा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस मामले में राजनाथ सिंह ने दिल्ली से रवाना होने से पहले ट्वीट किया, “जम्मू एवं कश्मीर के एकदिवसीय दौरे पर श्रीनगर जा रहा हूं। वहां सुरक्षा के हालात व राज्य में शुरू किए गए प्रमुख पहलों की समीक्षा करूंगा।”