केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज (गुरुवार) सारंगढ़ में सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में राजनाथ ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार रही तो हालात और भी बदलेंगे। गरीब, लघु और सीमांत किसानों को एक हजार रुपए पेंशन दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चार सालों से केंद्र में भाजपा है और इन सालों में छत्तीसगढ़ का काफी विकास हुआ है और सहयोग मिला है। केंद्र में फिर भाजपा की सरकार बनेगी। पहले सिर्फ बेटियों को साइकल मिलती थी अब बेटों को भी मिलेगी। इसके साथ ही जो लड़कियों फर्स्ट डिवीजन आएंगे उन्हें स्कूटी दी जाएगी।

विश्वास खो चुकी है कांग्रेस
राजनाथ ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कांग्रेस की तुलना दिवालिय बैंक में पोस्ट डेटेड चेक से की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस इतनी कमजोर हो चुकी है कि वो अपना मुख्यमंत्री भी प्रोजेक्ट नहीं कर सकते। बिना दूल्हे के बारात लेकर चल दी है कांग्रेस। इसके साथ ही राजनाथ ने राहुल पर हमला करते हुए कहा कि कर्नाटक में कर्ज नहीं चुका पाने वाले किसान गिरफ्तार हो रहे हैं।

भाजपा और रमन ने जीता विश्वास
कांग्रेस पर तंज कसने के साथ ही राजनाथ ने रमन सिंह की तारीफ की और कहा कि 15 साल बाद जनता का भरोसा भाजपा और रमन पर बढ़ा है।

नक्सलवाद का भी किया जिक्र
राजनाथ ने नक्सल का जिक्र करते हुए कहा कि नक्सलवाद अपने अंतिम चरण में है। वो 90 जिलों से सिमटकर 8-10 जिलों में ही रह गया है और इस बार भाजपा के आने पर नक्सलवाद पूरी तरह से खत्म हो जाएगा।

शाहिद अफरीदी को बताया सही
राजनाथ ने पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी के कश्मीर वाले बयान का समर्थन किया और कहा कि- अफरीदी ने ठीक ही तो कहा है। इसमें गलत कुछ नहीं है।