छत्तीसगढ़ के बलरामपुर की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें एक महिला स्वास्थ्यकर्मी ग्रामीणों को चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने के लिए पैदल ही नदी पार कर गई। सोशल मीडिया पर लोगों ने महिला के जज्बे और सेवा भावना की तारीफ की। बता दें कि जिस वक्त महिला कर्मचारी ने नदी पार की, उस वक्त पानी काफी ज्यादा था। ऐसे में नदी पार करना खतरनाक हो सकता था।
अलखडीहा में तैनात हैं पुष्पलता: अपनी जान खतरे मेंं डालकर नदी पार करने वाली महिला स्वास्थ्यकर्मी की पहचान पुष्पलता के रूप में हुई। वह राजपुर विकासखण्ड के अलखडीहा उपस्वास्थ्य केंद्र में तैनात हैं। उपस्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने बताया कि विकास खंड में महज 2-3 गांव में ही 1500 लोग रहते हैं। हालांकि, ये सभी गांव चारों तरफ से नदियों से घिरे हुए हैं, जिसके चलते ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पाती हैं।
पहले डर लगा, लेकिन एक बार बढ़ी तो पार कर ली नदी : महिला स्वास्थ्य कर्मचारी का कहना है कि जब उसने गांव जाने का निर्णय लिया तो थोड़ा डर लगा। गांव चारों ओर से पानी से घिरा हुआ है, लेकिन बाद में हिम्मत के साथ आगे बढ़ी और नदी पार कर गांव में पहुंच गई। वहां पर उसने लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई और जरूरी सलाह दी। उसने कहा कि मेरे लिए लोगों की सेवा ही सबसे बड़ा काम है। लोगों ने इस पर खुशी जताई।
दुर्गम स्थानों पर नहीं हैं स्वास्थ्य केंद्र : कई लोगों ने महिला स्वास्थ्य कर्मचारी की ग्रामीणों के प्रति इस सेवा भाव को सोशल मीडिया पर भी डाला। लोगों का कहना है कि ऐसी महिलाएं सचमुच सम्मान की पात्र हैं। अपने कर्तव्य के प्रति इतना जिम्मेदार होना बड़ी बात है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के कई इलाके बेहद दुर्गम और सुविधाओं से वंचित हैं। वहां पर सरकारी अस्पताल और हेल्थ सेंटर भी बहुत कम हैं। ऐसे में लोगों को दूरदराज से आने वाले स्वास्थ्य कर्मचारियों का ही सहारा रहता है।