Assam : असम (Assam) के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने शुक्रवार को हॉलीवुड के सुपरस्टार लियोनार्डो डिकैप्रियो (Leonardo DiCaprio) को काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करने का निमंत्रण दिया है। बता दें कि हॉलीवुड अभिनेता ने एक सींग वाले गैंडों के अवैध शिकार को रोकने के प्रयासों के लिए राज्य सरकार की इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए सराहना की थी।

काजीरंगा एक सींग वाले गैंडों के लिए प्रसिद्ध है। लियोनार्डो डिकैप्रियो ने इस पोस्ट में लिखा था कि 2021 में भारतीय राज्य असम की सरकार में एक सिंगी राइनो के शिकार पर रोक लगाने का निर्णय लिया था और इसे सफलता मिली है। इस साल काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में किसी भी गैंडे का शिकार नहीं किया गया है। यह बेहद खुशी की बात है।

लियोनार्डो डिकैप्रियो की इंस्टाग्राम पोस्ट में क्या था ?

लियोनार्डो डिकैप्रियो ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट करते हुए लिखा , ‘2021 में भारतीय राज्य असम की सरकार में एक सिंगी राइनो के शिकार पर रोक लगाने का निर्णय लिया था। इसके पीछे कारण यह है कि 2000 से लेकर 2021 के बीच 190 जानवरों को मारा गया था और ऐसा उनके सींग के कारण किया गया था। 1977 से पहली बार ऐसा हुआ है कि इस वर्ष किसी भी राइनो का शिकार नहीं हुआ।’

उन्होने आगे लिखा “काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान 2,200 ग्रेटर एक सींग वाले गैंडों का घर है, जो दुनिया की आबादी का लगभग दो-तिहाई है। भारत में यह जीत और भी अच्छी खबर लेकर आई है, क्योंकि रिपोर्ट सामने आई है कि दुर्लभ गैंडों की दुनिया की आबादी बढ़ गई है।

राज्य सरकार ने दी थी जानकारी

1 जनवरी को राज्य सरकार ने घोषणा की थी कि 2022 में राज्य में लुप्तप्राय जानवरों का कोई अवैध शिकार नहीं हुआ है। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और कई अन्य वैश्विक पर्यावरणविदों ने भी इसकी प्रशंसा की है। अवैध शिकार से निपटने के लिए असम सरकार ने जुलाई 2021 में एक विशेष एंटी-पोचिंग टास्क फोर्स का गठन किया था। अवैध शिकार उस वर्ष 21 वर्षों में सबसे कम था, केवल एक मामला दर्ज किया गया था।