जब हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार रफ्तार पकड़ ही रहा था, तो एक नवंबर 2017 को सिराज में एक चुनाव प्रचार के दौरान ही बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने सिराज की जनता और जयराम ठाकुर से वादा किया था कि अगर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनी तो जयराम ठाकुर को बड़ा रोल दिया जाएगा। हिमाचल प्रदेश के सीएम के लिए रविवार (24 दिसंबर) को जयराम ठाकुर का नाम तय होने के साथ ही अमित शाह ने सिराज की जनता के साथ किया अपना वादा पूरा कर दिया है। भाजपा से पांच बार के विधायक जयराम ठाकुर को रविवार को पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया जिसके बाद उनका मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। भाजपा विधायकों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। सुरेश भारद्वाज और महेन्द्र सिंह ने ठाकुर के नाम का प्रस्ताव किया और अन्य सदस्यों ने उनके नाम का अनुमोदन किया। जयराम ठाकुर मंडी के सिराज विधानसभा से जीतकर हाए हैं। आस-पास क्षेत्रों में जयराम ठाकुर के कद और प्रभाव का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस बार मंडी जिले के 10 में से बीजेपी ने 9 सीटें जीतीं हैं।

इस वीडियो के 25वें मिनट में अमित शाह कह रहे हैं कि जयराम ठाकुर को जीतने पर बड़ा रोल मिलेगा।

जयराम ठाकुर का जन्म 6 जनवरी 1965 को मंडी में हुआ था। राजपूत परिवार में जन्में जयराम ठाकुर की शिक्षा-दीक्षा सरकारी स्कूल में हुई थी। छात्र जीवन में जयराम ठाकुर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे। संघ से भी नजदीकी रही। राजनीतिक पारी की शुरुआत उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के साथ की। 1998 में वह पहली बार विधानसभा के लिए चुने गये। इसके बाद वह 2003 और 2007 में भी विधायक बने। जयराम ठाकुर 2009 से 2013 के बीच बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे, इसी दौरान बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश में पूर्ण बहुमत भी हासिल किया। प्रेम कुमार धूमल की सरकार में जयराम ठाकुर 2007-12 के बीच ग्रामीण विकास और पंचायती राज्य मंत्री भी रहे हैं।

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मिलकर सरकार बनाने का दावा भी पेश किया। जयराम ठाकुर 27 जनवरी को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में शपथ लेंगे। इस दौरान पीएम समेत कई बड़े नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है।