आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश के अपने सोशल मीडिया प्रभारी हरप्रीत सिंह बेदी को उनके खालिस्तान समर्थक ट्वीट को लेकर पार्टी से निष्कासित कर दिया है। बीजेपी ने रविवार को बेदी पर आरोप लगाया था कि उन्होंने खालिस्तान का खुलकर समर्थन किया है। भाजपा ने कहा कि बेदी ने कुछ साल पहले भी खालिस्तान के समर्थन में सिलसिलेवार ट्वीट किए थे।
आप ने एक ट्वीट में कहा कि बेदी के ट्वीट में उनके विचार हैं। ये आम आदमी पार्टी की विचारधारा के खिलाफ हैं। ये कहीं से भी पार्टी के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। ट्वीट में कहा गया है कि पार्टी बेदी को तत्काल प्रभाव से सभी पदों से निष्कासित करती है। आप ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि राष्ट्र की एकता व अखंडता में आप का दृढ़ विश्वास है। देश के खिलाफ कुछ भी लिखने जाने को कभी सहन नहीं किया जाएगा।
भाजपा की प्रदेश इकाई के महासचिव त्रिलोक जमवाल ने मीडिया से कहा था कि बेदी ने 2012 और 2020 के बीच भारत विरोधी सिलसिलेवार ट्वीट कर अलगाववादी संगठन के लिए नई मुद्रा की मांग की थी। उनका कहना था कि बेदी की पोस्ट से झलकता है कि आप की मानसिकता क्या है। ये पार्टी देश विरोधी ताकतों को बढ़ावा देती है। ऐसी पार्टी देश का कभी भला नहीं कर सकती है। जनता को ये सोचना चाहिए।
आम आदमी पार्टी, हिमाचल के सोशल मीडिया प्रमुख हरप्रीत सिंह बेदी के ट्वीट्स से AAP का देश विरोधी चेहरा उजागर हो गया है।
हिमाचल की देशभक्त जनता ऐसी देश विरोधी पार्टी को कड़ा सबक सिखाने को तैयार है। pic.twitter.com/3rCDODgWFD
— BJP Himachal Pradesh (@BJP4Himachal) May 1, 2022
गौरतलब है कि पंजाब चुनाव से पहले खालिस्तान को लेकर राजनीति तब गरमा गई थी जब आप के पूर्व नेता और कवि कुमार विश्वास दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनौती देते हुए कहा है कि वह खालिस्तान के खिलाफ बोलकर दिखाएं।
पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी अलगाववादी संगठन से केजरीवाल के संबंधों की जांच की मांग की, जिसके बाद गृहमंत्रालय ने जांच शुरू करने का फैसला लिया था। हालांकि अभी कुमार विश्वास के खिलाफ पंजाब में केस दर्ज हो चुका है। लेकिन कोर्ट से फिलहाल उन्हें राहत मिली है। विश्वास की गिरफ्तारी पर रोक लग गई है। यह रोक आज पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने लगाई।