रिपब्लिक टीवी के ओपिनियन पोल के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में बीजेपी की सरकार फिर से बनने के प्रबल आसार हैं। सर्वे के आंकड़े आप की नींद उड़ाने वाले हैं। हिमाचल चुनाव में केजरीवाल की पार्टी का सूपड़ा साफ होता दिख रहा है। उसे केवल एक सीट मिलती दिख रही है। उससे ज्यादा वोट शेयर अन्यों के पास है।
सर्वे के मुताबिक चुनाव में बीजेपी को 45.2 फीसदी, कांग्रेस को 40.1 फीसदी, आप को 5.2 फीसदी वोट मिलने के अनुमान हैं। जबकि 9.5 वोट अन्य के खाते में जाने के कयास लगाए गए हैं। हिमाचल प्रदेश में कुल 68 सीटें हैं। फिलहाल बीजेपी यहां सत्ता में है। हिमाचल के ट्रैक रिकॉर्ड के मुताबिक एक पार्टी के लिए लगातार दो बार चुनाव जीतना यहां मुश्किल भरा होता रहा है।
सीटों की बात की जाए तो बीजेपी को 35 से 37 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को 22 से 28 जबकि आप को केवल 1 सीट मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में 1 से 4 सीटें जाती दिख रही हैं। सर्वे कहता है कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी को कांग्रेस कड़ी टक्कर दे सकती है। दोनों के वोट शेयर में केवल 5 फीसदी का अंतर है।
हिमाचल प्रदेश की जनता हर पांच साल में सत्ता बदल देती है। ये रवायत पिछले साढ़े तीन दशकों से चली आ रही है। बीजेपी सत्ता परिवर्तन की इस मिथक को तोड़ने के लिए जोर लगा रही है। उधर कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए जोरदार संघर्ष करती दिख रही है। अरविंद केजरीवाल की आदमी पार्टी चुनाव ने चुनाव को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश की है।
देखना दिलचस्प होगी कि सत्ता बदलने का पुराना ट्रेंड बरकरार रहता है या फिर बीजेपी इसे तोड़कर सत्ता मे वापसी कर एक नया इतिहास बनाएगी। लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि पंजाब में कुछ अरसा पहले सरकार बनाने वाली आप हिमाचल चुनाव में कहीं भी नहीं दिख रही है। जबकि भगवंत मान के सीएम बनने के बाद खुद केजरीवाल उन्हें साथ लेकर सूबे के दौरे पर निकले थे। उन्हें लगता था कि पंजाब के पड़ोसी सूबे में भगवंत मान एक असरदार कारक बन सकते हैं।