हिमाचल प्रदेश में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 22 लोग मारे गए और 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ये दुर्घटनाएं किन्नौर और शिमला जिलों में हुईं। पुलिस ने कहा कि पहली घटना किन्नौर जिले में चौड़ा-खंबा लिंक रोड पर बड़ा खंबा के निकट घटी जहां एक कार 300 फुट गहरी खाई में गिर गई। इस कार में 14 लोग सवार थे और वे नवविवाहित वधु को उसके ससुराल छोड़कर शुक्रवार (20 मई) को रात लौट रहे थे। इस दुर्घटना में 12 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति कार से बाहर कूद गया था जिससे वह जीवित बच गया। पुलिस ने कहा कि इस दुर्घटना में मारे गए लोगों में दूल्हन का भाई और कार का ड्राइवर शामिल हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। कार में जरूरत से अधिक संख्या में लोग सवार थे।

दूसरी दुर्घटना शिमला जिले के जिसमें चोपाल से थरोच जा रही हिमाचल प्रदेश राज्य परिवहन निगम की बस थेओेग उप-प्रखंड में बजरोली ब्रिज के निकट एक गहरी खाई में गिर गई। पुलिस ने कहा कि इस दुर्घटना में चालक और खलासी समेत नौ लोगों की मौत हो गई। शिमला के उपायुक्त रोहन ठाकुर ने कहा कि सुखराम, रीना देवी, प्रोमिला और ड्राइवर परविंदर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि थेओेग में एक अस्पताल में भर्ती कराए गए 20 लोगों को शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 50,000 रुपए की तत्काल राहत प्रदान की है। पुलिस ने कहा कि वे दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।

कार दुर्घटना में मारे गए लोगों की पहचान श्रवण कुमार और रविन्दर कुमार (शोरंग से), संजीव कुमार, पवन कुमार, दीपक, श्रवण, योगेश कुमार, दुर्गा सिंह, राजेन्द्र कुमार और मुकेश कुमार (ड्राइवर) (सभी खंबा से) के तौर पर की गई है। अन्य की पहचान अरविंद और अभिषेक (कूट रामपुर से) के तौर पर की गई है और दुर्घटना में घायल व्यक्ति की पहचान हरि कृष्ण के रूप में की गई है। पुलिस ने कहा कि इस बीच, शुक्रवार (20 मई) को चंबा जिले में एक निजी बस दुर्घटना में और तीन लोग घायल हो गए और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया।

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पिछले 24 घंटों में हुई तीन दुर्घटनाओं में 36 लोगों के मरने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सिंह ने कहा कि ड्राइवरों को वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए और लापरवाही से वाहन चलाने से बचना चाहिए। यद्यपि शुक्रवार (20 मई) हुई इन दो दुर्घटनाओं की रिपोर्ट आनी बाकी है, आरंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के मुताबिक, ड्राइवरों की लापरवाही के चलते ये दुर्घटनाएं हुईं।