ओमप्रकाश ठाकुर
हिमाचल प्रदेश में बफबारी से लोग बेहाल हैं। कबाइली और पहाड़ी इलाकों में गुरुवार रात भारी बर्फबारी के कारण जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शिमला, किन्नौर, लाहुल स्पीति, चंबा के पांगी, भरमौर, डलहौजी, कुल्लू, सिरमौर और मंडी जिले में कई स्थानों पर भारी बर्फबारी हुई है। मंडी जिले में भारी बर्फबारी ने बीते तीन दशकों का रेकार्ड तोड़ दिया है। इससे पहले यहां 1991 में बर्फबारी हुई थी। शिमला शहर में ही डेढ़ फुट बर्फ गिरी। शुक्रवार को इन इलाकों में सड़कें बंद होने से परिवहन व्यवस्था पटरी से उतर गई। इसके अलावा किन्नौर जिले में आधा दर्जन जगहों पर ग्लेशियर खिसक गए। इससे राष्टÑीय राजमार्ग पांच बंद हो गया। राज्य के पांच जिले शिमला, चंबा, कुल्लू, लाहुल स्पीति और किन्नौर के कई इलाकों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट चुका है। हालात बद से बदतर हैं। पूरे किन्नौर में अंधेरा छाया हुआ है। बर्फबारी से किन्नौर से लेकर शिमला तक बिजली गुल है। शिमला की अधिकांश सड़कें बंद हैं। प्रदेश भर में सात राष्टÑीय राजमार्गों समेत 1125 सड़कें बंद हो चुकी हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 550 सड़कें शिमला जोन में हैं।
कुफरी नारकंडा, खड़ापतर, राहड़ू चौपाल कुपवी की ओर जाने वाले सारे मार्ग बंद हैं। शिमला जोन के अलावा कुल्लू जोन में 374 सड़कें बंद हो गई हैं। किन्नौर में हिंदुस्तान तिब्बत राष्टÑीय राजमार्ग पर रल्ली, टिंकू नाला,जंगी और भगत नाला में हिमखंडों के खिसकने से वह बंद हो गया। प्रशासन ने वहां जेसीबी तो लगाई लेकिन बर्फ के ऊंचे ढेर को हटाना मुश्किल काम है। राजधानी शिमला में देहरा के विधायक होशियार सिंह की गाड़ी फंस गई। वहीं बीती रात हुई बर्फबारी में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की गाड़ी भी फंस गई। वे पार्टी कार्यालय गए थे। शिमला के उपायुक्त ने उन्हें रात में ओकओवर पहुंचाया। बीते रोज ही गोवा से एजुकेशनल टूर कर लौटी रोहडू के सीमा कॉलेज की 45 छात्राएं छैला में फंस गई। उन्होंने जैसे-तैसे रात वहां बिताई। सुबह रोहडू जाने को निकली, लेकिन निहारी से आगे नहीं जा पार्इं। प्रशासन ने उन्हें स्थानीय स्तर पर कहीं ठहराया है।
वाहन फिसले, दो की मौत: बर्फबारी के कारण पर्यटन स्थल हिमरी गंगा में चौपहिया वाहन फिसल कर पलट गया। इस हादसे में सुरहान निवासी तरुण कुमार (31) की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर घायल है। एक अन्य हादसा सुंदरनगर के दुर्गम पंचायत पौड़ाकोठी में हुआ। फिसलने से हुई इस दुर्घटना में पौड़ाकोठी के शेष गांव वासी चेतराम (27) की मौत हो गई।
चार लोग दबे: लाहुल के गोंदला में शेल्टू के पास हिमखंड गिरने से महिला मंडल भवन क्षतिगस्त हो गया। इसमें सो रहे नेपाली मूल के एक परिवार के चार सदस्य दब गए। काफी मशक्कत के बाद इन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। लाहुल में भारी बर्फबारी से जगह-जगह हिमखंड गिर रहे हैं। इससे चिनाब नदी का बहाव रुक गया है।