हिमाचल प्रदेश के कुल्लु जिले में बने श्रीखंड महादेव मंदिर के दर्शन करने जा रहे पांच श्रद्धालु ग्लेशियर की चपेट में आने से घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एनी सब डिवीजन में पार्वती बाग के पास नैन सरोवर में मंगलवार (16 जुलाई) शाम करीब साढ़े चार बजे ग्लेशियर पिघलने से कई श्रद्धालु फंस गए। उन्होंने बताया कि बचाव कार्य जारी है। वहां से करीब 50 श्रद्धालुओं को सुरक्षित भीम द्वार पहुंचाया गया है।
अस्थायी रूप से रोकी गई यात्राः पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल हुए श्रद्धालुओं की पहचान लुधियाना के रहने वाले राजीव, पुणे के विवेक, महाराष्ट्र के बाबा, पुणे के सुभाष पटेल और अहमदाबाद की दिव्यांगनी व्यास के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक उन्हें प्राथमिक उपचार दे दिया गया है। वहीं श्रीखंड महादेव यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। जानकारी के मुताबिक यह यात्रा अमरनाथ से भी अधिक कठिन मानी जाती है। 10 दिवसीय श्रीखंड महादेव यात्रा सोमवार (15 जुलाई) को शुरू हुई थी। ‘शिवलिंग’ समुद्र से 18,750 फुट की ऊंचाई पर हिमालय की गोद में स्थित है। इसके अलावा सिंहगढ़ में तीर्थयात्रियों के पंजीकरण के लिए एक आधार शिविर स्थापित किया गया है।
National Hindi News, 17 July 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
इससे पहले हिमाचल प्रदेश के किन्नौर तिब्बत बॉर्डर के पास सेना के 6 जवान ग्लेशियर की चपेट में आ गए थे। जानकारी के मुताबिक ये सभी जवान पहाड़ी नाम की जगह की पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत करने गए थे। इस दौरान सेना के ये जवान इसकी चपेट में आ गए थे।

