Himachal Pradesh (हिमाचल प्रदेश) Assembly Election 2022 Voting Date and Time: हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर शनिवार, 12 नवंबर, 2022 को मतदान होने हैं। वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू होगी। हिमाचल प्रदेश में एक चरण में मतदान होगा जिसके नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। बीते शुक्रवार को चुनाव आयोग ने हिमाचल में चुनावों की तारीखों का ऐलान किया। हिमाचल में होने वाले चुनावों के नतीजे गुजरात चुनाव के नतीजों के साथ ही 8 दिसंबर को घोषित होंगे।
वरिष्ठ और दिव्यांग मतदाताओं की सहूलियत के लिए मतदान केन्द्र पर सभी इंतजाम होंगे। हिमाचल प्रदेश में 56,001 वोटर दिव्यांग हैं। जबकि, 80 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1.22 लाख है। वहीं, 1184 मतदाता 100 साल से अधिक उम्र के हैं। राज्य में कुल 55 लाख मतदाता विधानसभा चुनावों में विभिन्न राजनीतिक दलों का भविष्य तय करेंगे, जिनमें 27 लाख 80 हजार वोटर पुरुष और 27 लाख 27 हजार महिला मतदाता हैं।
आयोग की पहल के तहत 142 मतदान केन्द्रों का संचालन महिला मतदान कार्मिकों और सुरक्षा कर्मियों द्वारा किया जायेगा। 37 पोलिंग स्टेशन ऐसे होंगे जहां दिव्यांगजन भी मौजूद रहेंगे। चुनाव के सुचारू संचालन के लिए, निर्वाचन आयोग ने 68 विधानसभा सीटों पर 7,881 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। पिछली बार, हिमाचल में विधानसभा चुनाव 9 नवंबर, 2017 को हुए थे, जहां भाजपा ने 44 सीटें जीती थीं और पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाई थी। तब कांग्रेस ने 21 सीटों पर जीत दर्ज सकी थी। मौजूदा वक्त में भाजपा के पास 45 जबकि कांग्रेस के पास 22 विधायक हैं, वहीं सीपीआईएम का एक विधायक है।
सबसे ऊंचे मतदान केंद्र पर भी हैं नजरें
आयोग की टीमों ने हिमाचल प्रदेश में होने वाले चुनावों के मद्देनजर, तमाम इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। चुनाव आयोग की टीम ने लाहौल और स्पीति में 15,256 फीट पर स्थित दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र ताशीगंग का भी दौरा किया था। इस इलाके के मतदाता 100% मतदान के रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहते हैं और इनमें वोटिंग को लेकर उत्साह देखने को मिला है। ताशीगंग की कुल आबादी 75 है, जिसमें से 52 निवासी रजिस्टर्ड मतदाता हैं। इस साल की शुरुआत में मंडी लोकसभा उपचुनाव में यहां 100 फीसदी वोटिंग हुई थी।