हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्हें दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ा था। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया मगर रास्ते में ही उनका निधन हो गया। मंत्री के घर-परिवार में शोक की लहर है। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने फेसबुक पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में तोड़ा दम
दरअसल, डिप्टी सीएम अग्निहोत्री की पत्नी को अचानक हार्ट अटैक आया था। इलाज के लिए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया जा रहा था। इसी बीच उन्होंने दम तोड़ दिया। मंत्री ने फेसबुक पोस्ट की इस दुखद खबर की जानकारी दी।
फेसबुक पोस्ट कर डिप्टी सीएम ने दी जानकारी
फेसबुक पोस्ट कर डिप्टी सीएम ने लिखा,’अत्यंत दुःखी हृदय से सूचित कर रहे हैं कि प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री जी इस नश्वर संसार को छोड़, प्रभु के चरणों में विलीन हो गईं हैं। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए हमारे पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद स्थित निजी निवास आस्था कुंज में दोपहर 01:00 बजे तक रखा जाएगा। अंतिम संस्कार शनिवार 10 फ़रवरी दोपहर 02:00 बजे मोक्ष धाम गोंदपुर जयचंद (हरोली) में किया जाएगा. ॐ शांति ॐ’।
सिम्मी अग्निहोत्री के निधन से परिवार के लोग सदमे में है। उन्होंने 12 फरवरी को जागरण रखा था। उनकी बेटी आस्था अग्निहोत्री जागरण में शामिल होने के लिए खासकर दो दिन पहले ही नीदरलैंड घऱ लौटी थीं। बता दें कि सिम्मी अग्निहोत्री हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी के पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (लोक प्रशासन) डिपार्टमेंट में प्रोफेसर थीं। इस दुखद खबर के बाद तमाम मंत्री और नेता ट्वीट कर शोक व्यक्त कर रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने जताया शोक
प्रियंका गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री जी की पत्नी श्रीमती सिम्मी अग्निहोत्री जी के निधन का समाचार पाकर मन को अत्यंत दुख पहुंचा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें। मुकेश जी एवं समस्त शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। परमात्मा उन्हें यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”