Himachal Pradesh Landslide: हिमाचल प्रदेश के पंडोह के पास मंगलवार (6 अगस्त, 2022) को सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान हुए भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 3 (चंडीगढ़-मनाली राजमार्ग) बंद हो गया। फिलहाल इस हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। एक उत्खनन मशीन जरूर क्षतिग्रस्त हुई है। वहीं कटोला मार्ग से यातायात को मनाली की ओर डायवर्ट किया गया।

वहीं 2 अगस्त को चंबा से भूस्खलन का हैरत अंगेज वीडियो सामने आया था। लगातार बारिश के बाद यहां सुंडला-भलेई सड़क मार्ग पर कोटी पुल के साथ लगती पहाड़ी दरकने लगी थी। भूस्खलन की इस घटना के बाद वहां से गुजर रहे पर्यटकों में अफरा तफरी मच गई। पुल पर मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई थी। भारी भूस्खलन का कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाया था, जो काफी वायरल हुआ था।

उससे दो दिन पहले ही एक कार पर बड़े-बड़े पत्थर गिरने से कार में सवार लोग बाल बाल बचे थे। उस कार में एक बच्चे समेत 4 लोग सवार थे। गनीमत रही कि उन पत्थरों से किसी को भी चोट नहीं आई, लेकिन गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी।

किन्नौर में 8 अगस्त को एनएच 5 पर अचानक हुआ लैंडस्लाइड हो गया था। इसे देखते ही रोड से गुजर रहे पर्यटक और यात्री बुरी तरह सहम गए। अचानक भूस्खलन होने से राष्ट्रीय राजमार्ग 5 अवरुद्ध हो गया था। सिरमौर जिले में 15 अगस्त को भूस्खलन में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि उसकी पत्नी और बेटा घायल हो गए थे।

20-21 अगस्त में राज्य में बारिश के कारण हुई लैंडस्लाइड, बाढ़ और बादल फटने की घटनाओं में एक ही परिवार के 8 सदस्यों समेत 22 लोगों की मौत हो गई थी। भारी बारिश के कारण सबसे ज्यादा नुकसान मंडी, कांगड़ा और चंबा जिले में था।

15 जुलाई, 2022 को राज्य के कुल्लू (Kullu) जिले में भारी भूस्खलन हुआ था। भूस्खलन के कारण बागीपुल-जांव मार्ग ब्लॉक हो गया है। भूस्खलन (Landslide) का रोंगटे खड़े कर देने वाला एक वीडियो भी सामने आया था। उससे एक दिन पहले कांगड़ा में आटा चक्की के पास एक निर्माण स्थल पर भूस्खलन हो गया था। जिसमें 8 लोग घायल हो गए थे।