Congress Candidate List for Himachal Pradesh Assembly Election 2022: कांग्रेस ने मंगलवार (18 अक्टूबर)को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 46 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में ठियोग विधानसभा से कुलदीप सिंह राठौड़ को शिमला ग्रामीण विधानसभा सीट से विक्रमादित्य सिंह को, हरोली विधानसभा सीट से मुकेश अग्निहोत्री को और नादौन से सुखविंदर सिंह सुक्खू, टिकट दिया गया है।कांग्रेस ने एक सीट छोड़ कर सभी मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है क्योंकि इसके पीछे कांग्रेस में बगावत का अंदेशा सबसे ज्यादा था।

प्रत्याशियों को तय करने के लिए कांग्रेस हाईकमान ने तीन सदस्यीय एक कमेटी बनाई थी। इसके पहले चुनाव आयोग ने शुक्रवार (14 अक्टूबर) को ही हिमाचल प्रदेश चुनावों की तारीखों का एलान किया था। हिमाचल प्रदेश में एक ही चरण में 12 नवंबर को मतदान होगा और 8 दिसंबर को नतीजे सामने आएंगे। कांग्रेस ने वर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सीट पर चेतराम ठाकुर को टिकट दिया है। चेतराम ठाकुर इस समय हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के महासचिव हैं।

सोनिया गांधी ने हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला की अगुवई में गठित की कमेटी

सोनिया गांधी ने हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला की अगुवाई में कमेटी गठित की थी। इसमें मुकुल वासनिक, दीपादास मुंशी भी शामिल थे। तीनों ने विवादास्पद सीटों को लेकर अपनी रिपोर्ट 10 जनपथ भेजी थी। उसके बाद पहली लिस्ट जारी करने का फैसला लिया गया। हिमाचल चुनाव को कांग्रेस गंभीरता से ले रही है। तभी प्रियंका गांधी ने वहीं पर डेरा डाल रखा है तो सोनिया गांधी भी बेटी के घर शिमला देखी गईं।

कुल 68 सीटें, 17 अनुसूचित जाति और 3 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए कुल 68 सीटों पर चुनाव होते हैं। 17 निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं और 3 निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। बीजेपी फिलहाल सत्ता में है। पंजाब जीतने के बाद आप ने भी यहां तेजी से पैर पसारे हैं। लेकिन माना जा रहा है कि मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। कांग्रेस ने दिवंगत सीएम वीरभद्र की पत्नी पर सारा दारोमदार रखा है। बीजेपी की तरफ से खुद मोदी ने मोर्चा संभाल रखा है