Himachal Pradesh Vidhan Sabha Chunav 2022: हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सभी 68 विधानसभा सीटों पर शनिवार (12 नवंबर 2022) को मतदान हो रहा है। मतदान को लेकर बुजुर्गों में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। वहीं, चंबा जिले के मतदान केंद्र चस्क भटोरी में 83 वर्षीय महिला बुजुर्ग ने मतदान किया। दूसरे सबसे ऊंचे इस मतदान केंद्र पर लोगों में वोटिंग के लिए खासा उत्साह देखा गया।

83 वर्षीय डोलमा ने चंबा जिले के चस्क भटोरी मतदान केंद्र पर बर्फ से ढकी सड़क पर पैदल चलकर 14 किलोमीटर की दूरी तय कर वोट डाला। भरमौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला चस्क भटोरी मतदान केंद्र निकटतम रोड हेड से 14 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सबसे दूर का मतदान केंद्र है। चस्क भटोरी मतदान केंद्र पहुंचने के लिए मतदाता चंबा के पांगी क्षेत्र में बर्फीली सड़क पर चलकर पहुंचे। वहीं, चंबा जिले के चुराह में 105 वर्षीय महिला ने मतदान कर मिसाल पेश की। मतदान केंद्र जनसाली-1 में 95 वर्ष की आयु की बुजुर्ग महिला शांति भंडारी ने मतदान किया।

बुजुर्ग वोटर्स में उत्साह: हालांकि, चुनाव आयोग (ECI) ने 80 से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं को अपने घरों में मतपत्रों के माध्यम से मतदान करने की सुविधा प्रदान की, फिर भी कई वृद्ध व्यक्तियों ने उस सुविधा का विकल्प नहीं चुना और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से संबंधित मतदान केंद्र पर अपना वोट डालना पसंद किया।

157 मतदान केन्द्रों का संचालन पूरी तरह महिला कर्मचारी कर रही: हिमाचल प्रदेश के ताशीगंग स्थित दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र बूथ पर 52 में से 51 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां 98.08% मतदान दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में दोपहर 1 बजे तक 37.19 फीसदी मतदान दर्ज़ हुआ। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया, “पूरे हिमाचल प्रदेश में 157 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जिनका संचालन पूरी तरह महिला कर्मचारी कर रही हैं। हमीरपुर ज़िले में क्रेच की सुविधा भी उपलब्ध करायी गयी है ताकि बच्चों के साथ आने वालों को समस्या का सामना ना करना पड़े।”

राजीव कुमार ने कहा, “इस बार 1.93 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं। यहां हिमाचल में 56,000 दिव्यांग मतदाता (PWD) हैं। हमने उनके लिए काफी इंतजाम किए हैं। 37 मतदान केंद्र ऐसे हैं जिनका संचालन केवल PWD के कर्मचारी ही कर रहे हैं।”