कांग्रेस पार्टी को हिमाचल प्रदेश से दूसरा झटका लगा है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की संचालन समिति के अध्यक्ष पद से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा है कि पार्टी में अनदेखी के चलते वह काफी समय से नाराज चल रहे थे। आनंद शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर संचालन समिति से इस्तीफा दिया है। गुलाम नबी आजाद के बाद आनंद शर्मा के इस्तीफे से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।

सूत्रों के अनुसार जानकारी मिली है कि आनंद शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कहा कि पार्टी ने परामर्श प्रक्रिया में उनसे सलाह मशविरा नहीं किया और ना ही उन्हें किसी मीटिंग में बुलाया गया। इससे उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है, जिसे वह नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते हैं। हालांकि आनंद शर्मा ने अपने इस्तीफे में कहा है कि वह आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे।

आनंद शर्मा को इसी वर्ष 26 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस संचालन समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। दरअसल हिमाचल प्रदेश में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और कांग्रेस नहीं चाहती कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के अंतर्कलह रहे। लेकिन आनंद शर्मा के इस्तीफे के बाद पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कुछ हफ्ते पहले आनंद शर्मा ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की थी। उन्होंने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया था।

बता दें कि कुछ दिन पहले ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने पार्टी से जम्मू कश्मीर चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका यह इस्तीफा काफी चर्चा का विषय भी बना था, क्योंकि उन्हें कुछ घंटे पहले ही प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। माना जा रहा है कि जम्मू कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के चयन से गुलाम नबी आजाद खुश नहीं थे। गुलाम नबी आजाद काफी लंबे समय से पार्टी के कामकाज से नाराज चल रहे हैं।

गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा दोनों ही नेता जी-23 ग्रुप के सदस्य हैं। G 23 में 20 से अधिक नेता शामिल थे लेकिन कई नेता पार्टी छोड़ कर जा चुके हैं, तो कई नेताओं को कांग्रेस में जिम्मेदारी मिल चुकी है। पार्टी गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा को जिम्मेदारी देकर अंतर्कलह को कम करना चाहती थी। लेकिन इनके इस्तीफे के बाद एक बार फिर से सुगबुगाहट तेज हो गई है।