हिमाचल प्रदेश में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। वहीं कांग्रेस पार्टी अब आधिकारिक तौर पर चुनाव प्रचार में उतर चुकी है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश के सोलन में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा कि हम सरकार बनने के तुरंत बाद एक लाख खली पड़े पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करेंगे।
प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “बीजेपी सरकार अपने बड़े-बड़े उद्योगपतियों का फायदा कराती है, लेकिन क्या ये एक भी रोजगार देते हैं? क्या इन बड़े उद्योगपतियों ने एक भी रोजगार दिया है। कांग्रेस ने आपका विकास किया, सच्चाई से किया है। हमारी नियत साफ़ थी। गलतियां हो सकती हैं लेकिन नियत साफ़ होनी चाहिए।”
प्रियंका गांधी ने कहा, “आपको अपने भविष्य के बारे में सोचना चाहिए। बीजेपी के पास पेंशन के लिए पैसे नहीं हैं लेकिन वे अपने बड़े कारोबारियों का कर्ज माफ कर सकते हैं। उनके पास युवाओं, कर्मचारियों और महिलाओं के लिए कुछ नहीं है। पिछले 5 साल से सरकारी पद खाली पड़े हैं। मैं आज आपको गारंटी दे रही हूं कि यहां सरकार बनाने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में दो बड़े फैसले लिए जाएंगे। पहला एक लाख सरकारी नौकरी देना और दूसरा है पुरानी पेंशन योजना (OPS) को लागू करना।”
प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश की जनता से पूछा, “आप अगले पांच साल में क्या चाहते हैं? हिमाचल प्रदेश के ऊपर करोड़ों रुपये का कर्ज है। सवाल उठाइए कि हिमाचल के लोगों का पैसा कहां गया?”
वहीं अपने हिमाचल दौरे के दौरान प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग को लेकर धरना दे रहे कर्मचारियों से मुलाकात की। प्रियंका गांधी ने उन्हें हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनने के 10 दिन के अंदर ही पुरानी पेंशन बहाल करने का वादा किया है।
प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश में जनसभा को संबोधित किया, देखें वीडियो
वहीं कांग्रेस हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में बिना सीएम फेस के मैदान में उतरेगी। पार्टी की राज्य इकाई की चुनाव समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि कांग्रेस सीएम उम्मीदवार के बजाय अपने ‘हाथ का निशान’ (पार्टी का चुनाव चिन्ह) के साथ चुनाव में उतरेगी।