Himachal Pradesh Assembly Elections: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को 62 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। वहीं, कांग्रेस ने मंगलवार को 46 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी थी। इसके विपरीत हिमाचल प्रदेश में अपनी कई योजनाओं के पटरी से उतरने के साथ, आम आदमी पार्टी अब गुजरात विधानसभा चुनावों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
हिमाचल प्रदेश के लिए चुनाव की तारीख 12 नवंबर 2022 घोषित की गई है, वहीं गुजरात चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की गई है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल जहां साल 2022 की शुरुआत में हिमाचल प्रदेश का दौरा करते थे लेकिन अब वह केवल गुजरात में कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे हैं। 16 अक्टूबर को भी दिल्ली के सीएम भावनगर में थे।
पंजाब के अधिकांश आप नेता गुजरात में ज्यादा देखे जा रहे हैं। उनमें से कुछ ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि वे हैरान हैं कि उन्हें पड़ोसी राज्य हिमाचल में क्यों नहीं भेजा जा रहा। इसके बजाय एक अलग सांस्कृतिक माहौल वाले राज्य में भेजा जा रहा है जहां उन्हें लैंग्वेज बैरियर का सामना करना पड़ता है। आप के एक नेता ने कहा, “25 जुलाई 2022 को केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने एक साथ एक वर्चुअल रैली को संबोधित किया था, जिसके बाद से केजरीवाल को हिमाचल प्रदेश में नहीं देखा गया है।”
आप ने नहीं की उम्मीदवारों की घोषणा: आम आदमी पार्टी ने अब तक हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर है। इससे पहले आप के हिमाचल प्रभारी हरजोत बेंस ने 16 अक्टूबर को कहा था कि पार्टी हिमाचल की सभी 68 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी।
आप नेता हुए बीजेपी में शामिल: आम आदमी पार्टी ने साल 2022 की शुरुआत में हिमाचल प्रदेश में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की, जब अरविंद केजरीवाल के नाम पर वोट मांगने वाले बैनर कई जगहों पर लगे। जिसके बाद मार्च में, पार्टी ने सीएम केजरीवाल के करीबी दुर्गेश पाठक को राज्य का प्रभारी नियुक्त किया। लेकिन इसले बाद आप को पहला झटका अप्रैल में लगा जब पार्टी के तत्कालीन राज्य प्रमुख अनूप केसरी वरिष्ठ नेताओं सतीश ठाकुर और ऊना प्रमुख इकबाल सिंह के साथ भाजपा में शामिल हो गए।
जिसके बाद अप्रैल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया। जैन उस समय हिमाचल में पार्टी के चुनाव अभियान की देखरेख कर रहे थे।