आम चुनावों में कांग्रेस पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद से पार्टी में नेताओं के इस्तीफे की बाढ़ सी आयी हुई है। शुक्रवार को ही दिल्ली कांग्रेस चीफ शीला दीक्षित ने 280 ब्लॉक कमेटियों को बर्खास्त कर दिया, वहीं दिल्ली के कार्यकारी अध्यक्ष, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अब खबर आयी है कि हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि इस इस्तीफे की वजह आम चुनावों में पार्टी की हार नहीं बल्कि राहुल गांधी का कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देना है।
खबर के अनुसार, हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने ऑल इंडिया महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव को अपना इस्तीफा भेजा है। अपने इस इस्तीफे में सुमित्रा चौहान ने कहा है कि वह तब तक पार्टी में कोई पद नहीं लेंगी, जब तक राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा वापस नहीं लेते हैं। सुमित्रा चौहान ने अपने इस्तीफे में यह भी कहा कि आम चुनावों में हार की जिम्मेदारी राहुल गांधी की नहीं है, ब्लकि इसके पीछे पार्टी की गुटबाजी और अन्य कमियां हैं। बता दें कि कांग्रेस के कानूनी, मानवाधिकार और आरटीआई विभाग के प्रमुख विवेक तन्खा ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। तन्खा ने ट्वीट कर कहा है कि सभी नेताओं को इस्तीफा दे देना चाहिए, ताकि राहुल गांधी अपनी मर्जी की टीम आसानी से चुन सकें।
Sumitra Chouhan, Pres Haryana Pradesh Mahila Congress in her resignation letter submitted to President All India Mahila Congress: I’ll not accept any party position, till Rahul Gandhi withdraws his resignation. I tender my resignation herewith&I request my resignation be accepted pic.twitter.com/GeVMI5y6hB
— ANI (@ANI) June 28, 2019
उल्लेखनीय है कि हरियाणा में कुछ समय बाद ही विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राज्य नेतृत्व की गुटबाजी पार्टी के लिए सिरदर्द बनी हुई है। दरअसल हरियाणा कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर और राज्य के पूर्व सीएम और कद्दावर नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा समर्थक दो खेमों में बंटे हैं। हुड्डा समर्थक खेमा अशोक तंवर को पद से हटाना चाहता है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व दोनों गुटों के बीच सुलह कराने का पक्षधर है, लेकिन पार्टी नेतृत्व बदलाव के पक्ष में नहीं है।