हरियाणा के सिरसा शहर कालांवाली में एक आवारा सांड सब्जी के छिलकों के साथ करीब 3 तोले सोने के गहने निगल गया। बाजार के हिसाब से देखे तो सोने की कीमत लगभग 1,18,000 रुपए आंकी जा रही है। दरअसल, एक महिला ने अपने गहने सब्जी के छिलके के साथ रख दिए थे और उसे कूड़े में फेंक दिया। अब महिला के परिवार वाले सांड के पेट से गहने निकालने के लिए सांड को खूब चारा खिला रहे हैं, लेकिन अभी तक गहने नहीं मिल पाए हैं।

सांड निगल लिए गहने: दरअसल कालांवाली शहर के वार्ड नंबर 6 निवासी जनकराज ने बताया कि उसका परिवार पिछले दिनों किसी समारोह से आया था। समारोह से आने के बाद उसकी पत्नी ने अपने गहने सब्जी के टोकरी में रख कर भूल गई। उसके कुछ देर बाद महिला ने सब्जी के छिलको के साथ गहने को भी कुड़े में फेंक दिया। जब महिला को गहने को खोजने लगी तो उसे नहीं मिल रहे थे। महिला को सीसीटीवी कैमरे से पता चला कि वे गहने एक आवारा सांड ने सब्जी के छिलकों समेत निगल लिया है।

Hindi News Today, 23 October 2019 LIVE Updates

परिजनों ने बमुश्किल ढूंढ निकाला: महिला के परिजनों ने आवारा सांड की पहचान की। कड़ी मशक्कत से उसे पकड़कर खाली प्लॉट में बांधा गया। अब उसकी खूब खातिरदारी की जा रही है। परिजनों की तरफ से आवारा सांड को हरा-चारा और अन्य खाद्य सामग्री खिलाकर गोबर के माध्यम से सोना निकालने की कोशिश की जा रही है हालांकि परिजनों को अभी तक इसमें सफलता हाथ नहीं लगी है।

ऑपरेशन से निकाला जा सकता है: महिला के परिवारवालों ने पशु चिकित्सकों से इस बारे में बात की तो उन्होंने इसके अलावा ऑपरेशन कर गहने को निकालने की बात कही, लेकिन इसमें सांड की जान को खतरा है। महिला के परिजनों का कहना की यदि सोना गोबर के रास्ते नहीं निकलता है तो वह दूसरे विकल्प का सहारा नहीं लेंगे। क्योंकि वह सोना के लिए किसी पशु की जान के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहते हैं।