कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद वी हनुमंत राव ने मंगलवार (30 जुलाई) को मांग की कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाए। अविभाजित आंध्र प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राव ने कहा, ‘‘प्रियंका लाओ, कांग्रेस बचाओ।’’ उन्होंने कहा कि सिर्फ प्रियंका गांधी ही समूचे देश में कांग्रेस को फिर से खड़ा कर सकती हैं। राव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सोनभद्र मामले में उनकी हालिया सक्रियता से पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है।

कैप्टन अमरिंदर ने भी की वकालतः इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए किसी युवा नेता को चुनने की वकालत करने वाले पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार (29 जुलाई) को कहा था कि प्रियंका गांधी वाड्रा इस पद के लिए बिल्कुल उपयुक्त होंगी। पार्टी महासचिव पर पूरा भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा था कि अगर वह कांग्रेस अध्यक्ष चुनी जाती हैं तो हर तरफ से उन्हें समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘ पार्टी की बागडोर अपने हाथों में लेने के लिए प्रियंका बिल्कुल सही पसंद होंगी। लेकिन यह पूरी तरह से कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) पर निर्भर करता है। सीडब्ल्यूसी ही इस मामले पर फैसला लेने के लिए अधिकृत है।’’सिंह के बयान के बारे में पूछे जाने पर पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा , ‘ पार्टी उन मामलों पर अपनी सार्वजनिक राय रखती है, जो पार्टी के अंदरुनी मामले नहीं होते हैं। जहाँ तक पार्टी के अंदरुनी मामलों का संबंध है, उसके ऊपर हर कार्यकर्ता को, हर नेता को अधिकार है कि वो अपनी राय रख सकता है।

बता दें क‍ि राहुल गांधी ने 25 मई को कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। अभी तक अध्यक्ष पद को लेकर कुछ भी तय नहीं हो सका है। हालांकि कांग्रेस पार्टी के अंदर से ही प्रियंका गांधी के पक्ष में मौहाल बनता हुआ नजर आ रहा है।