Gym Owner Allegedly Killed by Father: दिल्ली के एक जिम ओनर की शादी से कुछ घंटे पहले चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हैरान करने वाली बात ये है कि युवक को चाकू मारने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका पिता था। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि दक्षिणी दिल्ली से उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि रंगलाल ने गुस्से में आकर हत्या को अंजाम दिया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिम फिट बॉक्स चलाने वाले गौरव को देवली एक्सटेंशन में उसके घर पर चेहरे और छाती पर 15 बार चाकू मारा गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी हत्या शादी के बंधन में बंधने से कुछ घंटे पहले हुई थी। मेहमान उसकी बारात के लिए गौरव का इंतजार कर रहे थे। हालांकि,वह समारोह से ही गायब था। जब गौरव कार्यक्रम से काफी देर तक गायब रहा तो परिजनों ने उसे ढूंढना शुरू किया। खासी भागदौड़ के बाद गौरव का शव निर्माणाधीन इमारत में मिला। यहां पर गौरव का शव लहूलुहान पड़ा हुआ था।

बाप-बेटे के रिश्तों में थी खटास

पुलिस के मुताबिक, हत्या की शुरुआती जांच में गौरव और उसके पिता के बीच रिश्तों में खटास के बारे में जानकारी मिली है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि बेटे और पिता के बीच अच्छे संबंध नहीं थे। आरोपी ने पूछताछ के दौरान यह भी कहा कि उसे कोई भी पछतावा नहीं है और उसे इस काम को बहुत पहले ही कर देना चाहिए था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। उन्हें कमरे और उसके आसपास अलग-अलग तरीके के जूतों के निशान मिले हैं। इससे पुलिस को शक है कि हत्या में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं।

दूसरी लड़की से शादी करना चाहता था गौरव

मामले से वाकिफ एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की शुरुआती जांच में पता चला है कि गौरव शादी नहीं करना चाहता था, लेकिन उसके पिता उस पर शादी करने के लिए दबाव बना रहे थे। एचटी की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह भी पता चला कि गौरव सिंघल किसी दूसरी लड़की से प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था। उनके परिवार को उनका रिश्ता मंजूर नहीं था। इसी बात पर पिता और बेटे के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे।