वेदांता-फॉक्सकॉन प्रोजेक्ट महाराष्ट्र में न आने पर महाराष्ट्र सरकार विपक्ष के निशाने पर है। वहीं अब इस मुद्दे पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है। भाजपा, महाविकास अघाड़ी और विशेष रूप से शिवसेना पर परियोजना के गुजरात जाने को लेकर मराठी और गुजराती भाषियों के बीच सामाजिक तनाव बढ़ाने का आरोप लगाती रही है।
वहीं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुजरात में 1.5 लाख करोड़ रुपये के फॉक्सकॉन-वेदांता सेमीकंडक्टर संयंत्र के जाने को लेकर राजनीतिक तनाव को दूर करने की बात कही है। देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार शाम मुंबई में लघु उद्योग भारती सम्मेलन में छोटे उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा, “दोनों राज्यों का गठन एक ही दिन हुआ था। दोनों एक समय साथ थे। यह अंतत: स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है। हम सभी से आगे बढ़कर महाराष्ट्र को नंबर एक बनाना चाहते हैं।”
विपक्ष पर हमला बोलते हुए देवेन्द्र फडणवीस ने कहा, “केवल गुजरात के खिलाफ बोलने से आप गुजरात को नहीं हरा सकते। इसके लिए नीतियों की जरूरत है। पांच साल तक मैंने सुनिश्चित किया कि महाराष्ट्र गुजरात से आगे रहे। जो लोग अब गुजरात के खिलाफ बोल रहे हैं, वे गुजरात को नंबर एक की स्थिति में ले गए और महाराष्ट्र को नीचे कर दिया। अंत में निवेशक राज्य में पर्यावरण को देखता है।”
देवेन्द्र फडणवीस ने कहा, “मुझे बताया गया था कि फॉक्सकॉन-वेदांता परियोजना गुजरात की ओर बढ़ रही थी और हमें तेजी से कार्य करने की आवश्यकता थी। मैं वेदांत प्रमुख से भी उनके घर पर मिला था और उनसे कहा था कि गुजरात जितना दे रहा है, हम उससे ज्यादा देंगे। मैंने उनसे कहा कि हम उनके लिए खास पैकेज बनाएंगे। उनके लोग भूमि देखने आए थे। हालांकि उन्होंने हमें बताया कि गुजरात जाने का उनका फैसला पहले ही हो चुका था। हम और क्या कर सकते थे? हमने उनके विचार बदलने की पूरी कोशिश की।”
देवेन्द्र फडणवीस ने विपक्ष के हमलों पर कहा कि अब हम पर उंगली उठाने वालों ने पिछले दो सालों में कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में महाराष्ट्र, गुजरात से पिछड़ गया था, लेकिन हम इसे अगले दो साल में आगे बढ़ाएंगे।