Har Ghar Tiranga: भारत आजादी की 75वीं वर्षगांठ का जश्न मना रहा है। देशभर में 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं शनिवार (13 अगस्त, 2022) से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरूआत हो गई है।

हर देशवासी आजादी के जश्न में डूबा नजर आ रहा है। इसी की एक झलक गुजरात में देखने को मिली। यहां पीएम मोदी की मां हीराबेन ने तिंरगा फहराया। वहीं उनके साथ छोटे बच्चे भी ऱाष्ट्रीय ध्वज को बड़ी शान से फहराते नजर आए।

वहीं पीएम मोदी की मां हीराबेन के साथ बच्चों के हाथों में तिरंगा देख लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। हेमंत नाम के एक यूजर ने लिखा-‘सिग्नल मिलने पर सब काम करते होंगे’। फ्रीडम नाम के एक यूजर लिखते हैं, ‘मां ने लहराया दिखाया, बीवी ने लहराया की नहीं वो भी दिखाना था ना, भेदभाव क्यों! अजय नाम के एक यूजर ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लिखा है कि 20-20 रुपए के हिसाब से 160 रुपए एकत्रित कर लिए।

अमित शाह ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर फहराया तिरंगा

वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को अपने दिल्ली स्थित घर पर तिरंगा फहराया। अमित शाह ने इस अवसर पर कहा कि तिरंगा हमारी शान है और यह सभी भारतीय को एकजुट करने के लिए प्रेरित करता है। इसके अलावा अमित शाह ने सभी देशवासियों से 13-15 अगस्त के बीच अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

आईटीबीटी के जवानों ने फहराया तिरंगा

अरूणाचल प्रदेश में आईटीबीटी के जवानों ने शक्ति स्थल पर तिरंगा फहराया और अपने शहीद साथियों को याद किया। जवानों ने इस दौरान भारत माता की जय के नारे भी लगाए।

13-15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान

बता दें, शनिवार से देशभर में हर घर तिरंगा अभियान की शुरूआत हो चुकी है। इस अभियान के तहत देशभर के सरकारी और गैर-सरकारी इमारतों और प्रतिष्ठानों को भी तिरंगे में रंग दिया गया है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13-15 अगस्त तक तिरंगा फहराया जाना है। इसके ही उपलक्ष्य में देश के कई शहरों पर तिरंगा रैलियां निकाली गई।