Gujarat Morbi Accident: रविवार(30 अक्टूबर) को गुजरात के मोरबी में केबल ब्रिज टूटने की वजह से बड़ा हादसा हो गया। पुल टूटने की वजह से 141 लोगों की जान चली गई। बता दें कि इस मामले में राज्य सरकार ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। अभी तक 9 लोगों की गिरफ्तार किया जा चुका है।

बताया जा रहा है कि मोरबी में माछू नदी पर बने केबल पुल पर भार क्षमता से अधिक लोगों की भीड़ थी। जिसके चलते यह हादसा हुआ। इस पुल को सात महीने से मरम्मत के लिए बंद किया गया था। इसे 5 दिन पहले ही फिर से लोगों के खोल दिया गया था। जोकि रविवार को हादसे का शिकार हो गया। इसमें 47 बच्चों सहित 141 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में सबसे छोटा दो साल का बच्चा शामिल था।

एक परिवार से सात की गई जान:

बता दें कि रविवार को जडेजा परिवार भी इस हादसे का शिकार हुआ है। दरअसल जडेजा परिवार के सात सदस्य रविवार को गुजरात के मोरबी कस्बे के एक मंदिर से लौट रहे थे। तभी बच्चों को झूला पुल पर ले जाने के लिए कहा गया। शाम करीब 6:20 बजे ब्रिज पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जडेजा परिवार के एक रिश्तेदार और एक पारिवारिक मित्र ने बताया कि हादसे में मारे गए कम से कम 141 लोगों में जडेजा भी शामिल हैं। दो जडेजा भाइयों, प्रतापसिंह और प्रद्युमन सिंह के चचेरे भाई कनकसिंह जडेजा ने बताया कि पुल के गिरने के दौरान वे लोग पुल पर ही थे। कनिकसिंह ने बताया कि जडेजा ने अपनी मां, पत्नी और चार बच्चों को खो दिया है।

बता दें कि 1877 में बने इस केबल ब्रिज को देखने के लिए टिकट खरीदने के बाद रविवार को करीब 400 लोग पुल पर जमा हुए थे।

हादसे को लेकर सूत्रों ने कहा कि फोरेंसिक अधिकारियों ने पुल की बनावट के नमूने को एकत्र करने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया। उन्होंने पाया कि लोगों की भारी भीड़ ने हाल ही में मरम्मत किए गए केबल के पुल को और कमजोर कर दिया।