भाजपा ने शनिवार को कांग्रेस और उसके प्रथम परिवार पर आरोप लगाया कि अपने भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी को ढंकने के लिए वे गुजरात भूमि सौदे के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ गलत और निराधार आरोप लगा रहे हैं। भाजपा ने कहा कि विपक्षी दल को भ्रष्टाचार के बारे में बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है क्योंकि उसके शीर्ष नेता भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांगे्रस आगामी बजट सत्र के दौरान संसद को फिर से बाधित करने का प्रयास कर रही है।
भाजपा ने कहा कि गुजरात में मोदी के मुख्यमंत्रित्व काल में भूमि आवंटन कानून के अनुसार और पारदर्शी त्रिस्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया के माध्यम से किए गए। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने आरोप लगाया कि झूठे आरोप मढ़ने में कांग्रेस हिस्ट्री शीटर है और वह इस सरकार के खिलाफ एक भी आरोप साबित नहीं कर सकी है। दरअसल गरीब विरोधी और विकास विरोधी कांग्रेस मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार की प्रगति को पचाने में सफल नहीं रही है और उसकी छवि को खराब करने और राष्ट्र के विकास को बाधित करने के प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि वे संसद को बाधित करने और विकास प्रक्रिया को रोकने के लिए बजट सत्र से पहले इस तरह के हालात बना रहे हैं। इससे मोदी और उनकी सरकार को अच्छे काम करने से रोक पाने में विफल होने के बाद कांग्रेस नेतृत्व की हताशा झलकाती है।