गुजरात एटीएस ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी अब्दुल माजिद को झारखंड के जमशेदपुर से गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी को गुजरात एटीएस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
अब्दुल माजिद कुट्टी पिछले 24 साल से फरार था। एटीएस अधिकारियों के अनुसार, अब्दुल माजिद मूल रूप से केरल का रहने वाला है। वर्ष 1996 से ही उसकी तलाश जारी थी। वह 1996 में 106 पिस्टल, करीब 750 कारतूस और करीब 4 किलोग्राम RDX एकत्रित करने के मामले में वॉन्टेड था। इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि अब्दुल माजिद तभी से फरार चल रहा था। एटीएस अधिकारियों के अनुसार टीम ने अब्दुल माजिद कुट्टी को मानगो सहारा सिटी के एक फ्लैट से पकड़ा।
वह पिछले डेढ़ वर्षों से अपनी पत्नी व बच्चे के साथ अपनी पहचान छुपा कर रह रहा था। कुट्टी का एक ठीकाना दुबई के मलेशिया में भी है। तहकीकात के दौरान गुजरात पुलिस को अब्दुल माजिद के झारखंड में रहने की भनक मिली थी।
हालांकि, पुष्ट जानकारी न होने के कारण वह गिरफ्तारी से बच रहा था। बता दें कि हथियारों की आपूर्ति से जुड़े साल 1996 के इस केस की जांच गुजरात पुलिस कर रही थी।