Gujarat Election News: गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दरअसल दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी नहीं चाहती कि गुजरात उसके हाथ से निकल जाए। हालांकि गुजरात में वोटिंग से पहले कई सर्वे में भाजपा को राहत भी मिलती दिख रही है। बता दें कि टाइम्स नाऊ-ईटीजी ओपिनियन पोल की तरफ से किए सर्वे में सवाल किया गया कि आखिर किस पार्टी को गुजरात में महिला वोटर्स का सबसे अधिक साथ मिलता दिख रहा है।

टाइम्स नाऊ-ईटीजी ओपिनियन पोल के सर्वे के मुताबिक गुजरात में महिला मतदाताओं सबसे अधिक पसंद भाजपा ही है। हालांकि इस सर्वे के नतीजों में आप को भी काफी बढ़त मिलती दिख रही है। दरअसल गुजरात में इसके पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच में ही टक्कर देखने को मिल रही थी लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी अपनी मजबूत जगह बनाने में कामयाब दिख रही है।

सर्वे के क्या रहे नतीजे:

टाइम्स नाऊ-ईटीजी ओपिनियन पोल के सर्वे में लोगों से महिला मतदाताओं से सवाल किया गया कि गुजरात में कौन सी राजनीतिक पार्टी उनकी पहली पसंद है। इस सवाल के जवाब में 48 फीसदी महिलाओं ने भाजपा को अपनी पसंद बताया। वहीं दूसरे नबंर पर 33 फीसदी महिलाओं ने आम आदमी पार्टी को अपनी पसंद बताया।

इसके अलावा कांग्रेस को 12 फीसदी महिलाओं ने अपनी पसंद के तौर पर चुना। वहीं सर्वें में 7 फीसदी महिलाएं ऐसी भी रहीं, जिन्होंने किसी भी दल को अपनी पसंद नहीं बताया।

ओबीसी वोटर्स के लिए कौन सा दल पहली पसंद:

गुजरात में ओबीसी वोटरों में भी भाजपा पहली पसंद देखी जा रही है। टाइम्स नाऊ-ईटीजी ओपिनियन पोल में 48 फीसदी ओबीसी मतदाताओं ने भाजपा को अपनी पहली पसंद माना है। वहीं 31 फीसदी ने आप और 14 फीसदी ने कांग्रेस को अपनी पहली पसंद माना है।

हालांकि सर्वे सात फीसदी ऐसे भी लोग शामिल रहे जो अपनी ही जाति के उम्मीदवार को मत देने को पहली पसंद मानते हैं।