Gujarat Assembly Election Result: गुजरात विधानसभा चुनाव का परिणाम आने के कुछ ही दिन बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों के दल बदलने की खबरें आने लगी हैं। सूत्रों के मुताबिक, जूनागढ़ जिले के विसवादार विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीते भूपत भायाणी (Bhupat Bhayani) भाजपा के संपर्क में हैं। AAP विधायक भूपत भायाणी ने BJP को बाहर से समर्थन देने का ऐलान किया है।

न्यूज़ चैनल आजतक की खबर के मुताबिक, गुजरात के विसवादार से आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतने वाले भूपत भायाणी ने अब बीजेपी का साथ देने का फैसला किया है। रविवार दोपहर तक यह सूचना थी कि भायाणी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले लेंगे, लेकिन अचानक उन्होंने भाजपा की सदस्यता लेने से इनकार कर दिया और पार्टी को बाहर से ही समर्थन देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वो यह फैसला जनता से पूछने के बाद ही लेंगे।

BJP के साथ जाने की खबरों का किया था खंडन: इससे पहले न्यूज़ चैनल एनडीटीवी से बातचीत के दौरान भूपत भायाणी ने कहा था कि उनकी BJP से किसी तरह की कोई बात नहीं हुई है। वह आम आदमी पार्टी में ही हैं। भूपत भायाणी ने हाल ही में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में जूनागढ़ जिले के विसदर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा और कांग्रेस, दोनों उम्मीदवारों को हराया था। भूपत भायाणी गुजरात के आप के मजबूत नेताओं में गिने जाते हैं और केजरीवाल के करीबी भी मानें जाते हैं।

तीन निर्दलीय विधायक भी देंगे भाजपा को समर्थन: दरअसल, भूपत भायाणी अगर BJP ज्वाइन करते हैं तो उन्हें विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना पड़ेगा। इसलिए भायाणी ने पार्टी ज्वाइन किए बिना ही भाजपा को बाहर से समर्थन देने का फैसला किया है। इसके अलावा तीन और निर्दलीय विधायकों ने भी भारतीय जनता पार्टी को सपोर्ट करने का फैसला किया है। समर्थन देने वाले विधायकों में बायड़ से धवल झाला, धानेरा से मावजी देसाई और वाघोड़िया से धर्मेंद्र वाघेला शामिल हैं।

Gujarat Assembly Election 2022 में भाजपा को मिली बंपर जीत: गौरतलब है कि गुजरात विधानसभा चुनाव में सभी 182 सीटों पर लड़ने वाली आम आदमी पार्टी महज 5 सीटों पर ही जीत हासिल कर सकी। भूपत भायाणी इन्हीं 5 विधायकों में से एक हैं। आम आदमी पार्टी को गुजरात विधानसभा चुनाव में लगभग 13 फीसदी वोट शेयर मिला है। BJP ने गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 में कुल 182 में से 156 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, कांग्रेस को 17 सीटें और आप को 5 सीटें हासिल हुईं।