Gujarat Assembly Election: गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों को ऐलान हो चुका है। गुजरात की सत्ता को हासिल करने के लिए तमाम राजनीतिक पार्टियां जनता को लुभाने के लिए कई तरह के वादे कर रही हैं। वहीं दिल्ली और पंजाब की सत्ता हासिल करने के बाद अब आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की निगाह गुजरात पर टिकी है।

इसी बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इंडिया टुडे के साथ बातचीत में गुजरात चुनाव को लेकर पूछे गए कई सवालों के जवाब दिए। केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी 20 फीसदी तक सिमट जाएगी। उन्होंने कहा यह हमारा आंतरिक सर्वेक्षण है और वह सारा वोट शेयर हमारे पास आ रहा है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की सीटों को लेकर भी भविष्यवाणी की। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को पांच से भी कम सीटें मिलेंगी। केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी की सीटों के बारे में नहीं बताया, लेकिन यह दावा किया कि उनकी पार्टी बहुमत में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि गुजरात के लोग मुझे अपना मानने लगे हैं।

केजरीवाल ने कहा कि गुजरात के लोगों को बदलाव की जरूरत है। अगर लोग बदलाव नहीं चाहते हैं, तो हमें कोई जगह नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि हमें 30 फीसदी वोट शेयर मिल रहा है। हमने पंजाब में सरकार बनाई। गुजरात में भी हम कुछ अलग करने जा रहे हैं। केजरीवाल दावा किया कि गुजरात में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। राज्य के लोग महंगाई से त्रस्त हैं।

भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि सुकेश का मामला मोरबी हादसे से ध्यान भटकाने की साजिश है। उन्होंने दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन का जिक्र करते हुए कहा कि उनके खिलाफ अभी तक कोई सबूत नहीं पाया गया है। 2024 के आम सभा चुनावों के बारे में पूछे जाने पर केजरीवाल ने जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि इसमें अभी वक्त है। अभी केवल गुजरात चुनाव पर ही चर्चा की जानी चाहिए।