Gujarat Election: गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को झटका लगा है। पूर्व विधायक कामिनीबा राठौड़ (Kamini Baa Rathore) ने मंगलवार कांग्रेस को अलविदा कहकर बीजेपी का दामन थाम लिया। उनका कहना है कि टिकट वितरण में पैसों का खेल चल रहा है। इसी वजह से उन्होंने कांग्रेस से किनारा कर लिया। वह 2012 से 2017 तक देहगाम विधानसभा क्षेत्र (Dehgam Constituency) से कांग्रेस पार्टी से विधायक रही हैं। 2017 में वह भाजपा उम्मीदवार बलराज सिंह चौहान से चुनाव हार गई थीं। चर्चा है कि मेहसाणा (Mehsana) से कांग्रेस नेता एजे पटेल ने भी पार्टी छोड़ दी है। इससे पहले छोटा उदयपुर (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले मोहनसिंह राठवा (78) ने भी पार्टी से अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

उन्होंने देहगाम क्षेत्र से ही पार्टी से दोबारा टिकट मांगा था, लेकिन उन्हें नहीं दिया गया। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार (independent candidate) के रूप में पर्चा भरा, लेकिन बाद में नाम वापस ले लिया। मंगलवार को कामिनीबा राठौड़ गुजरात कांग्रेस (Gujarat Congress) के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर (Jagdish Thakor) को पत्र लिखकर पार्टी से अलग होने की बात कही। पत्र में उन्होंने लिखा, “पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे रही हूं।”

उन्होंने न्यूज चैनल रिपब्लिक टीवी से बात करते हुए आरोप लगाया, “गुजरात चुनाव में टिकट के बदले उनसे एक करोड़ रुपये मांगे गए थे। देहगाम सीट कांग्रेस ने एक करोड़ रुपये में बेच दी है।” उन्होंने कथित तौर पर एक ऑडियो भी जारी किया, जिसमें टिकट के पैसे के लिए बातचीत की रिकॉर्डिंग है।

कहा कांग्रेस में योग्य और अनुभवी लोगों की आवाजें दबाई जा रही

उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “पार्टी में योग्य और अनुभवी लोगों की आवाजें दबाई जा रही हैं। मेरे साथ भी ऐसा हुआ। एक महिला की आवाज दबाई गई। मैं भाजपा में शामिल हो गई हूं, क्योंकि यह हर कार्यकर्ता को आवाज देने और साथ में काम करने में विश्वास रखती है।”

भाजपा को आम आदमी पार्टी दे रही कड़ी टक्कर

गुजरात के 182 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक और पांच दिसंबर को मतदान होंगे। राज्य में पिछले 27 सालों से भाजपा की सरकार है। भाजपा अपनी सत्ता को बचाए रखने के लिए जीतोड़ मेहनत कर रही है। हालांकि उसको अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी से कड़ी टक्कर मिल रही है। भाजपा को सत्ता से हटाने की उम्मीद में कांग्रेस भी मैदान में है।