उत्तर प्रदेश में एक बार दरिंदगी की घटना सामने आई है। प्रदेश के भदोही जिले में गुरुवार को एक दलित लड़की (14) का शव एक खेत में मिला। लड़की के चेहरे और उसके अन्य अंगों पर चाकू से हमला करने के निशान मिले हैं। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस के मुताबिक घटना जिले के गोपीगंज थाना इलाके के तिवारी पुर गांव में दोपहर बाद हुई।
पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने बताया की चौदह साल की एक दलित किशोरी दोपहर में शौच को गई थी। उन्होंने बताया कि काफी देर तक नहीं लौटने पर उसका भाई उसे खोजता हुआ पहुंचा तो उसका शव एक खेत में मिला। उन्होंने बताया की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया उसके साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।
फिलहाल मौके पर जिले के आला अधिकारी के साथ भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक अपराधियों की खोजबीन की जा रही है। इस संबंध में भदोही पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि ‘नाबालिग आंचल पुत्री मुकेश हरिजन उम्र करीब 14 वर्ष की हत्या अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ईट पत्थर से मारकर हत्या कर दी गई है। थाना गोपीगंज पुलिस पुलिस द्वारा घटना के संबंध में हत्या का अभियोग पंजीकृत किया गया है।’
भदोही पुलिस अधीक्षक का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें उन्होंने कहा, ‘अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इसके बाद आगे की जांच होगी। पहली नजर में साफ पता चलता है कि लड़की हत्या की गई है।’ लड़की के परिजनों द्वारा बलात्कार का भी आरोप लगाने पर एसपी ने कहा कि पोस्टमार्टम और जांच से सबकुछ पता चल जाएगा।
नाबलिक आंचल पुत्री मुकेश हरिजन उम्र करीब 14 वर्ष की हत्या अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ईट पत्थर से मारकर हत्या कर दी गई है । थाना गोपीगंज पुलिस पुलिस द्वारा घटना के सम्बन्ध में हत्या का अभियोग पंजीकृत किया गया है, उक्त हत्या की घटना के सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक की बाईट। @uppolic pic.twitter.com/KcpIVvefhh
— BHADOHI POLICE (@bhadohipolice) October 1, 2020
पुलिस इस मामले में फूंक-फूंक कर हर कदम रख रही है। क्योंकि हाथरस और बलरामपुर में दलित लड़कियों संग बलात्कार और हत्या से जुड़े मामलों में पुलिस को खासी आलोचना का सामना करना पड़ा है। हाथरस में पीड़िता का शव जलाने पर यूपी पुलिस लगातार निशाने पर है। (एजेंसी इनपुट)
