Punjab Gangwar: रविवार को पंजाब के तरनतारन जिले में स्थित गोइंदवाल की केंद्रीय जेल में दो गैंगस्टर्स के मारे जाने की खबर सामने आई थी। यह दोनों गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोप के रहते कैद में थे। पुलिस ने जानकारी दी है कि जेल क भीतर इस ही मामले से जुड़े अन्य कैदियों के साथ झगड़े के दौरान इन दोनों की मौत हुई है।

पुलिस ने मृतकों की पहचान बटाला निवासी मनदीप सिंह उर्फ तूफान और बठिंडा के बुढलाडा निवासी मनमोहन सिंह उर्फ मोहना के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक झगड़े में शामिल कुछ अन्य कैदियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के थे मारे गए कैदी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नाम ना छापने की शर्त पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि मारे गए दोनों कैदी जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के थे और उन पर कुछ कैदियों ने हमला किया था। जग्गू भगवानपुरिया पंजाब के माझा इलाके में एक्टिव है। जग्गू भगवानपुरिया को लॉरेंस बिश्नोई का करीबी भी माना जाता है। गौर करने की बात यह है कि हमला करने वाले अन्य कैदी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से ही ताल्लुक रखते हैं। अब इस वजह के रहते यह दोनों गिरोह आमने सामने दिखाई दे रहे हैं।

जग्गू भगवानपुरिया, लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ का नाम पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मुख्य साजिशकर्ताओं के तौर पर सामने आया था। सिद्धू मूसेवाला की पिछले साल 29 मई को मनसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

गैंगवॉर की आहट

पंजाब के तरनतारन जिले की जेल में बीते दिन हुए इस मामले ने पंजाब में एक नए गैंगवॉर की आहट को पैदा किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जग्गू भगवानपुरिया गैंग के दो लोगों की हत्या की ज़िम्मेदारी गोल्डी बराड़ ने ली है। उसने फेसबुक पर लिखा कि उनकी मौत की जिम्मेदारी लॉरेंस ग्रुप लेता है। हालांकि जग्गू भगवानपुरिया और लॉरेंस बिश्नोई को अच्छा दोस्त माना जाता रहा है।

सिद्धू मूसेवाला की हत्या की योजना का आरोप भी इन दोनों गैंग पर ही लगा है। इस पोस्ट बदले की बात भी कही गयी है। पोस्ट में लिखा है कि हमारे एक भाई मनप्रीत को दो दिन पहले बैरक में मारा था। जग्गू ने हमारे साथ दोगलापन किया है। इस मामले के बढ़ने की आशंका के बीच जग्गू के गिरोह के लोग भी इस हत्या का बदला लेने के लिए आगे आ सकता है।