मैं नरेंद्र दामोदर दास मोदी… ईश्वर की शपथ लेता हूं कि मैं विधि द्वारा स्थापित भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखूंगा, मैं भारत की प्रभुता और अखंडता अक्षुण्ण रखूंगा, मैं संघ के प्रधानमंत्री के रूप में अपने कर्तव्यों का श्रद्धापूर्वक और शुद्ध अंत:करण से निर्वहन करूंगा तथा मैं भय या पक्षपात, अनुराग या द्वेष के बिना, सभी प्रकार के लोगों के प्रति संविधान और विधि के अनुसार न्याय करूंगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी ने लगातार दूसरी अवधि के लिए गुरुवार को देश की बागडोर संभाल ली। राष्ट्रपति भवन परिसर में गुरुवार शाम आयोजित समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री ने हिंदी में ईश्वर के नाम पर शपथ ली। स्पष्ट जनादेश वाली गैर कांग्रेसी सरकार के प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार दूसरी बार शपथ लेने वाले वह पहले नेता हैं। शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति के पास जाकर उनसे हाथ मिलाया और उनकी बधाई स्वीकार की। शपथ ग्रहण समारोह में देश विदेश के विविध क्षेत्रों के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे। राष्ट्रपति भवन परिसर में आठ हजार से ज्यादा लोग जुटे।
प्रधानमंत्री ने शपथ ग्रहण करने के बाद ट्वीट में कहा, ‘भारत की सेवा कर गौरवान्वित।’ करीब दो घंटे चले शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत के सूत्रधार रहे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और पूर्व विदेश सचिव एस जयशंकर आकर्षण का केंद्र रहे। जयशंकर को मंत्रिमंडल में शामिल कर और कैबिनेट मंत्री का दर्जा देकर प्रधानमंत्री ने सभी को चौंका दिया। जयशंकर भारतीय विदेश सेवा के दूसरे ऐसे अधिकारी हैं जिन्हें मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में स्थान दिया है। सरकार में शामिल किए गए हरदीप सिंह पुरी भी भारतीय विदेश सेवा के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं। क्रीम रंग का कुर्ता पायजामा और अपनी चिरपरिचित जैकेट पहने नरेंद्र मोदी ने शपथ लेने के बाद राष्ट्रपति के पास जाकर उनसे गर्मजोशी के साथ हाथ मिलाया। समारोह में उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री, कई देशों के प्रमुख, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।
शपथ ग्रहण समारोह में बिम्सटेक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, बांग्लादेश के राष्ट्रपति अब्दुल हामिद, श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना, नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली, म्यांमा के राष्ट्रपति यू विन मिंत और भूटान के प्रधानमंत्री लोते शेरिंग शामिल हुए। थाईलैंड से उसके विशेष दूत जी बूनराच ने देश का प्रतिनिधित्व किया। भारत के अलावा बिम्सटेक में बांग्लादेश, म्यांमा, श्रीलंका, थाईलैंड, नेपाल और भूटान शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके मंत्रिमंडल के 58 सहयोगियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। लखनऊ से जीत कर आए राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री के बाद शपथ ली। इससे साफ है कि नरेंद्र मोदी सरकार की दूसरी पारी में उनका कद दूसरे नंबर का रहेगा। तीसरे नंबर पर भाजपा अध्यक्ष और अमदाबाद से जीत कर आए अमित शाह ने शपथ ली। प्रधानमंत्री के साथ कुल 24 कैबिनेट मंत्रियों, नौ राज्य मंत्रियों (स्वतंत्र प्रभार) और 24 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली है। इनमें पूर्व विदेश सचिव एस जयशंकर भी शामिल हैं, जिन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। सरकार में पहली बार शामिल होने वाले कैबिनेट मंत्रियों में जयशंकर के अलावा प्रह्वाद जोशी, अर्जुन मुंडा और रमेश पोखरियाल निशंक शामिल हैं।
कैबिनेट मंत्री के रूप में वरीयता क्रम के लिहाज से राजनाथ सिंह और अमित शाह के बाद नितिन गडकरी, डीवी सदानंद गौड़ा, निर्मला सीतारमण, राम विलास पासवान, नरेंद्र सिंह तोमर, रविशंकर प्रसाद, हरसिमरत कौर बादल, थावर चंद गहलोत, एस जयशंकर, रमेश पोखरियाल निशंक, अर्जुन मुंडा, स्मृति ईरानी, डा. हर्षवर्द्धन, प्रकाश जावडेÞकर, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, मुख्तार अब्बास नकवी, प्रह्वलाद जोशी, डॉ. महेंद्र नाथ पांडे, गजेंद्र सिंह, शेखावत, गिरिराज सिंह, अरविंद सावंत, प्रह्वाद जोशी भी शामिल हैं। संतोष कुमार गंगवार, राव इंद्रजीत सिंह, श्रीपद नायक, डॉ. जितेंद्र सिंह, किरेन रिजिजू, प्रह्वाद पटेल, राजकुमार सिंह, हरदीप सिंह पुरी, मनसुख लाल मंडाविया ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर शपथ ली। मोदी के नए मंत्रिमंडल में 36 मंत्रियों ने दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली। 20 पहली बार मंत्री बने हैं। 24 कैबिनेट मंत्रियों में भाजपा के 20 तथा राजग के घटक शिवसेना, लोजपा एवं शिरोमणि अकाली दल के एक- एक सदस्य शामिल हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र की भाजपा इकाइयों के प्रमुख क्रमश: महेंद्र नाथ पांडेय, नित्यानंद राय और राव साहब दानवे को जगह दी गई है। बंगाल से दो चेहरे बाबुल सुप्रीयो और देबश्री चौधरी हैं।
जो चेहरे अब नहीं दिखेंगे मंत्रिमंडल में: लोकसभा चुनाव के साथ ही तय हो गया था कि नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल के कई दिग्गज अगली सरकार का हिस्सा नहीं बनेंगे। चुनाव जीतने वाले कई दिग्गज भी मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए गए हैं। इनमें नरेंद्र मोदी की पहली कैबिनेट के दिग्गज चेहरे रहे अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, उमा भारती समेत कई अन्य सरकार के चेहरे के तौर पर आगे नहीं दिखेंगे। पिछली सरकार का अहम चेहरा रहे अरुण जेटली ने शपथ ग्रहण समारोह के एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री को पत्र लिख कर स्वास्थ्यगत कारणों से मंत्री नहीं बनाए जाने की इच्छा जताई थी। वे वित्त मंत्रालय देखते थे और नोटबंदी एवं जीएसटी जैसे अहम मुद्दों पर उन्होंने सरकार की नीतियां तय कीं। पिछली सरकार में पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख नेता रहे मनोज सिन्हा चुनाव हार गए और मंत्री पद की उनकी संभावना भी खारिज हो गई। पिछली सरकार में कृषि मंत्री रहे राधामोहन सिंह का नाम भी सूची में नहीं। किसानों को लेकर राधामोहन सिंह के विवादित बयान और विभागीय कामों में ढीले-ढाले रवैए का उन पर आरोप लगता रहा। राज्यवर्धन सिंह राठौर, अनंत हेगड़े, जयंत सिन्हा, सुरेश प्रभु और महेश शर्मा को भी दोबारा मौका नहीं मिला। पिछली सरकार में विदेश मंत्री रहीं सुषमा स्वराज ने चुनाव नहीं लड़ने की इच्छा जताई थी। चीन के साथ डोकलाम गतिरोध और आतंकवाद के मोर्चे पर पाकिस्तान को अलग-थलग करने के राजनयिक प्रयास सुषमा स्वराज के अहम कार्यों में गिने जा सकते हैं।
केंद्रीय मंत्रिमंडल के चेहरे
नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
कैबिनेट मंत्रियों की सूची : राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, डीवी सदानंद गौड़ा, निर्मला सीतारमण, राम विलास पासवान, नरेंद्र सिंह तोमर, रविशंकर प्रसाद, हरसिमरत कौर, थावर चंद गहलोत, डॉ एस जयशंकर, रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, अर्जुन मुंडा, स्मृति ईरानी, डॉ हर्षवर्धन, प्रकाश जावडे़कर, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, मुख्तार अब्बास नकवी, प्रह्लाद जोशी, डॉ महेंद्र नाथ पांडेय, अरविंद सावंत, गिरिराज सिंह, गजेंद्र सिंह शेखावत।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) : संतोष कुमार गंगवार, राव इंद्रजीत सिंह, श्रीपद येसो नाईक, डॉ जितेंद्र सिंह, किरेन रिजीजू, प्रह्लाद पटेल, राजकुमार सिंह, हरदीप सिंह पुरी, मनसुख लाल मंडाविया
राज्य मंत्री : फग्गन सिंह कुलस्ते, अश्विनी कुमार चौबे, अर्जुन राम मेघवाल, वीके सिंह, कृष्ण पाल गुर्जर, रावसाहेब दादाराव दानवे, गंगापुरम किशन रेड्डी, पुरुषोत्तम रूपाला, रामदास अठावले, साध्वी निरंजन ज्योति, बाबुल सुप्रियो, संजीव कुमार बालियान, संजय धोत्रे, अनुराग सिंह ठाकुर, सुरेश अंगड़ी, नित्यानंद राय, रतन लाल कटारिया, बी मुरलीधरन, रेणुका सिंह सरुता, सोम प्रकाश, रामेश्वर तेली, प्रताप चंद्र सारंगी, कैलाश चौधरी, देवश्री चौधरी।

