कर्नाटक विधानसभा चुनाव (Karnataka Assembly elections) में केवल एक महीने का समय बचा है। इस बीच कांग्रेस पार्टी ने रविवार को लोकसभा के पूर्व सदस्य बीएन चंद्रप्पा (former Lok Sabha member BN Chandrappa) को अपनी कर्नाटक कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी के एक बयान के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Congress president Mallikarjun Kharge) ने डी के शिवकुमार की अध्यक्षता वाली कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में चंद्रप्पा को नियुक्त किया है।

पूर्व सांसद बीएन चंद्रप्पा की नियुक्ति कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष आर ध्रुवनारायण (Karnataka Congress working president R Dhruvanarayana) के पिछले महीने निधन के बाद हुई है। यानी एक महीने से ये पद खाली था।

कांग्रेस ने अब तक आगामी चुनावों के लिए 166 उम्मीदवारों की घोषणा की है। गुरुवार को पार्टी की दूसरी सूची की घोषणा की गई थी, जिसमें भाजपा और जद (एस) से बाहर निकलने वालों में से कुछ नेताओं को टिकट दिया गया। इसके अलावा पार्टी ने कुछ सीटों पर कुछ नए चेहरों को भी उतारा है।

बता दें कि बीएन चंद्रप्पा एक दलित नेता हैं। इसके अलावा वो चित्रदुर्ग संसदीय सीट (Chitradurga loksabha) से 2014 में मोदी लहर के बावजूद चुनाव जीत चुके हैं। वहीं मध्य कर्नाटक में बीएन चंद्रप्पा का काफी प्रभाव माना जाता है। कांग्रेस ने बीएन चंद्रप्पा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर मध्य कर्नाटक में अपनी स्थिति को मजबूत करने की कोशिश की है।

बता दें कि सोमवार को राहुल गांधी भी कर्नाटक दौरे पर आने वाले हैं। ऐसे में उनके दौरे से ठीक पहले कर्नाटक कांग्रेस में इस नियुक्ति को अहम माना जा रहा है। राहुल गांधी कर्नाटक के कोलार में जनसभा करेंगे।

कर्नाटक कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार के अलावा कुल पांच कार्यकारी अध्यक्ष हो चुके हैं। कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में बीएन चंद्रप्पा की नियुक्ति सबसे नई है। बीएन चंद्रप्पा के अलावा राम लिंगारेड्डी, सलीम अहमद, ईश्वर खांद्रे, सतीश जारकीहल्ली भी कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। बता दें कि कांग्रेस कर्नाटक चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी कर्नाटक से हैं।