हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने राजनीति के साथ-साथ शिक्षा के प्रति अपने लगाव को भी साबित किया है। उन्होंने पिछले साल हरियाणा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा 87वर्ष की उम्र में पास की। हालांकि तकनीकी अड़चन की वजह से उनको सर्टिफिकेट अब मिला है।
सोमवार को भिवानी में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 428वीं जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे इंडियन नेशनल लोकदल के नेता ओम प्रकाश चौटाला को हरियाणा शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों ने उनकी मार्कशीट और सर्टिफिकेट उन्हें सौंपा। परीक्षा में सबसे ज्यादा अंग्रेजी विषय में उन्हें 100 में 88 नंबर मिले हैं। चौटाला भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में थे। उन्होंने अपनी पढ़ाई और तैयारी वहीं से की थी।
उनकी इस सफलता पर अभिनेता अभिषेक बच्चन ने उन्हें बधाई दी है। दरअसल अभिनेता अभिषेक बच्चन की कुछ दिन पहले रिलीज हुई फिल्म दसवीं की कहानी ओम प्रकाश चौटाला के जीवन से मिलती जुलती है। इसमें भी एक पूर्व मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल चला जाता है और वहीं से पढ़ाई पूरी कर दसवीं की परीक्षा पास करता है।
इससे पूर्व 2021 में हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला का 12वीं का रिजल्ट रोक लिया गया था। दरअसल हरियाणा बोर्ड का कहना है कि जब तक पूर्व सीएम एडिशनल विषय के तौर पर अंग्रेजी या हिंदी विषय की परीक्षा पास नहीं कर लेते उन्हें 12वीं पास नहीं किया जाएगा। हालांकि बाद में चौटाला ने अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी और सफलतापूर्वक उसको उत्तीर्ण की।
सूत्रों की मानें तो ओमप्रकाश चौटाला ने दिल्ली के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूल से दसवीं की परीक्षा पास की थी। पूर्व सीएम ने 10वीं में अंग्रेजी और हिंदी विषय में परीक्षा पास नहीं की थी। हालांकि उन्हें 10वीं में पास कर दिया गया था क्योंकि संस्थान के मुताबिक अंग्रेजी और हिंदी विषय में पास होना अनिवार्य नहीं था। लेकिन हरियाणा बोर्ड में ऐसा नहीं है। हरियाणा बोर्ड में जब तक परीक्षार्थी 10वीं में अंग्रेजी या हिंदी विषय की परीक्षा पास नहीं कर लेता उसे पास नहीं माना जाता है।
उम्र के इस मोड़ पर परीक्षा देना और पास करना एक बड़ी उपलब्धि है। फिलहाल ओमप्रकाश चौटाला लंबे समय से राजनीति से दूर हैं। उनकी सफलता पर उनके समर्थकों ने खुशी जताई है।