कांग्रेस की पूर्व सांसद और संजय दत्त की बहन प्रिया दत्त के लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने की बात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक उन्होंने मुंबई की नॉर्थ सेंट्रल सीट से चुनाव लड़ने से इनकार किया है। बता दें कि प्रिया दत्ता ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को मेल भेजकर इस बात की जानकारी दी है कि वो चुनाव नहीं लड़ेंगी।
नए नाम पर विचार: एक तरफ जहां प्रिया ने इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए इनकार कर दिया है तो वहीं दूसरी ओर अब इस सीट पर नए नाम को लेकर विचार किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस किसी फिल्मी सितारे को इस सीट से टिकट दे सकती है। इनमें नगाम, राज बब्बर समेत कुछ सेलेब्स के नाम सामने आ रहे हैं।
इसलिए चुनाव के लिए किया इनकार: बताया जा रहा है कि दो बार सांसद रह चुकीं प्रिया दत्त ने निजी वजहों और पार्टी के अंदर चल रही गुटबाजी को देखते हुए लोकसभा चुनाव लड़ने के इनकार कर दिया है। हालांकि कांग्रेस को इस सीट से इनकार करने के बाद अब वो किसी और सीट या फिर किसी और पार्टी से चुनाव लड़ेंगी इस बारे में संशय जारी है। बता दें कि आज (सोमवार) को मुंबई में महाराष्ट्र कांग्रेस की बैठक होनी है जिसमें लोकसभा सीटों पर विचार किया जाना है।
मिलकर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस: बता दें कि महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और कांग्रेस मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। दो दिन पहले एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने दोनों पार्टियों के बीच चुनावी तालमेल होने की जानकारी दी थी। इसके तहत दोनों 20-20 सीटों पर मैदान में उतरेंगी। वहीं बची हुईं 8 सीटें अन्य सहयोगियों के लिए छोड़ी जाएंगी।
महाराष्ट्र में कुल 48 सीटें: गौरतलब है कि महाराष्ट्र में लोकसभा की कुल 48 सीटें हैं। बता दें कि लोकसभा चुनाव में सबसे अधिक सीटें उत्तर प्रदेश में हैं जो कि 80 हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के बाद दूसरा नंबर महाराष्ट्र का आता है।