बिहार लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा, जद (एकी) व लोक जनशक्ति पार्टी की सीटों पर बंटवारा आखिरकार रविवार को तय हो गया है। भाजपा पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने इसकी घोषणा की। अमित शाह ने बताया कि इन चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इनमें भाजपा 17, जद (एकी), 17 व लोजपा छह सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह भी तय किया गया है कि राजग की तरफ से रामविलास पासवान को राज्यसभा भेजा जाएगा।

अमित शाह ने कहा कि राजग के भाजपा, जद (एकी), लोक जनशक्ति पार्टी ने मिलकर यह बंटवारा तय किया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जमीनी राजनीति हकीकत व राजग के क्षमता के मुताबिक यह फैसला लिया है। गठबंधन की यह नीति 2019 में राजग के गठबंधन को 2014 से अधिक सीटें दिलाएंगी। उन्होंने कहा कि किस पार्टी से कौन पार्टी का चेहरा होगा। इस पर भी जल्द ही फैसला होगा और तीनों दल मिलकर एक साझा चुनावी रणनीति भी तैयार करेंगे। इसका खाका जल्द ही तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन के लिए अभी केवल बिहार की सीटों पर ही सहमति बनी है। माना जा रहा है कि इस समझौते से लोजपा को फायदा पहुंचा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में सीटों के बंटवारे के बारे में घोषणा की है और हम सब लोग जल्द ही मिलकर नाम तय करेंगे। इसके लिए जल्द ही काम होगा और ज्यादा समय नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने लंबी राजनीतिक लड़ाई लड़ी है। इनकी प्रतिष्ठा का भाजपा ने ख्याल रखा। इसकी हमें खुशी है। बिहार में हम अच्छी सफलता के साथ सामने आएंगे। 2009 में भाजपा का गठनबंधन था। उस समय 40 में से 32 सीट हम लोगों ने हासिल की थी। 2009 से भी ज्यादा सीटों पर जीतेंगे। इसके लिए अभियान चलाया जाएगा। गठबंधन को लेकर अब तक कोई घोषणा नहीं हुई थी। इसलिए बिहार को लेकर तरह-तरह के विश्लेषण हो रहे थे। इससे इन पर भी विराम लगेगा। बिहार में भाजपा व जद (एकी) बराबर सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। वहीं रामविलास पासवान ने कहा कि गठबंधन में कभी कोई समस्या नहीं थी, पांच साल में यह और मजबूत हुआ है। उन्होंने इस निर्णय के लिए भाजपा को धन्यवाद दिया और कहा कि यह समझौता सम्मानजनक तरीके से किया गया है। पांच साल राजग ने काम किया है और आगामी लोकसभा चुनाव में भी हमारी सरकार बनेगी। पार्टी अब तक जितनी सीट मिली है, उससे ज्यादा सीटों पर अपनी जीत दर्ज कराएगी।