सामूहिक बलात्कार के आरोप में पिछले दिनों गिरफ्तार किए गए उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति के खिलाफ आज (21 मार्च) को गौतमपल्ली थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मेरठ के परतापुर निवासी राकेश प्रजापति ने गौतमपल्ली थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उन्होंने साल 2015 के अंत में तत्कालीन परिवहन मंत्री गायत्री को अपने एक रिश्तेदार को नौकरी दिलाने के लिये छह लाख रुपये दिए थे। काम नहीं होने पर जब वह रुपये वापस मांगने गए तो गायत्री ने उन्हें धक्के मारकर बाहर निकलवा दिया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में आज गायत्री के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
बता दें कि 15 मार्च को समाजवादी पार्टी के नेता गायत्री प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया गया था। उनपर बलात्कार का आरोप है। गायत्री को पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद प्रजापति को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। गायत्री प्रजापति पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद FIR दर्ज हुई थी। लेकिन फिर भी चुनाव प्रचार के दौरान पुलिस ने उन्हें नहीं पकड़ा था। बाद में वह लापता हो गए थे। 49 साल के गायत्री प्रजापति पर सामूहिक बलात्कार और यौन उत्पीड़न के आरोप हैं। उनपर एक महिला के सामुहिक बलात्कार और महिला की बेटी का उत्पीड़न करने का आरोप है। प्रजापति ने महिला के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। उन्होंने दावा किया कि जिस महिला के आरोप पर मुकदमा दर्ज हुआ है, वह पहले भी कई लोगों पर ऐसे इल्जाम लगा चुकी है।
गायत्री प्रजापति पर जमीन कब्जे, खनन घोटाला, आय से अधिक संपत्ति, बलात्कार और मारपीट के कई आरोप लग चुके हैं। इन्हीं आरोपों की वजह से वे मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए गए थे लेकिन मुलायम सिंह यादव के दबाव में अखिलेश को प्रजापति को वापस लाना पड़ा था। इसके बाद सपा-कांग्रेस गठबंधन के बाद अमेठी से टिकट पाने में भी गायत्री कामयाब रहे। गायत्री प्रजापति इस बार विधानसभा का चुनाव हार गए थे।

चुनाव आयोग में दाखिल किए गए हलफनामे के मुताबिक, गायत्री पिछले पांच सालों में छह गुना ज्यादा अमीर हो गए हैं। गायत्री के पास कुल 10.02 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। जिसमें से 6.89 करोड़ उनके और 3.13 करोड़ पत्नी के नाम पर है। उनकी दौलत में पूरे छह गुना की बढ़ोतरी हुई है। 2012 में दाखिल किए गए हलफनामे के मुताबिक तब उनके पास 1.72 करोड़ रुपए की संपत्ति थी।