बिहार में दोनों चरणों का मतदान समाप्त होने के बाद कल नतीजे आएंगे। राज्य विधानसभा चुनाव के दोनों चरणों में जमकर वोटिंग हुई। विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए कुल 66.91 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पहले चरण में कुल 65.08% मतदान हुआ, दूसरे चरण में मतदान बढ़कर 68.76% हो गया। मतदान के बाद सामने आए एग्जिट पोल में ज़्यादातर ने एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने का अनुमान जताया है। अभी तक आए एग्जिट पोल के आंकड़ों का जहां एनडीए में शामिल दलों के नेताओं ने खुलकर स्वागत किया है, वहीं आरजेडी और कांग्रेस के नेताओं की ओर से इन एग्जिट पोल को नकार दिया है। महागठबंधन के नेताओं ने कहा है कि बिहार में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी। इस बीच आरजेडी के MLC के विवादित बयान के चलते उनके खिलाफ FIR दर्ज की गयी है।
राजद एमएलसी सुनील सिंह ने कहा कि अगर चुनाव में धोखाधड़ी हुई तो बिहार दूसरा नेपाल या बांग्लादेश बन जाएगा। इसके बाद पटना पुलिस ने उन पर एफआईआर दर्ज की है। सुनील सिंह ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, “2020 में चार-चार घंटे मतगणना रुकवा दी गई थी। पूरी जनता सड़क पर आ जाएगी और वो दृश्य देखने को मिलेगा जो नेपाल में देखने को मिला है। इसके बाद हम लोग सड़क पर उतर जाएंगे। नहीं तो जिस तरह से नेपाल, बंग्लादेश और श्रीलंका में जिस प्रकार सत्ता के विरोध में लहर उठी, वैसी स्थिति बन जाएगी। हालात पर काबू करना मुश्किल होगा। कहा कि सरकार में शामिल लोग गड़बड़ी कर सकते हैं। इस बार ऐसा किया तो महंगा पड़ेगा।
सुनील कुमार सिंह ने एग्जिट पोल पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता वोट के लिए लाइन में लगे थे और एग्जिट पोल आने लगे। आरजेडी एमएलसी ने कहा कि चार करोड़ 98 लाख वोट दिया गया फिर 50 से कम सीट आरजेडी को जैसे मिल रही? सुनील सिंह ने कहा कि बिहार के लोग अचंभित हैं कि वोट गठबंधन को मिल रहा फिर एनडीए को जीत कैसे? सुनील सिंह ने एग्जिट पोल को साजिश बताया। उन्होंने मतगणना को लेकर साजिश की आशंका जताई है।
सुनील सिंह के इस बयान पर बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिहार में कानून का राज बताया। दिलीप जायसवाल ने कहा कि गुंडाराज वाली सरकार नहीं है। आरजेडी के लोग हार की हताशा में हैं। आरजेडी के लोग जनता और मतदाता का अपमान कर रहे हैं। वहीं, जेडीयू के नेता और पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस मसले पर कहा, “खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे वाली स्थिति है। बिहार की जनता अपने चेहरे पर अपराध का धब्बा नहीं लेने जा रही. यहां गुंडाराज नहीं चलेगा, यहां सुशासन की सरकार है.”
