केरल के कोल्लम जिले से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां अपनी बेटी के शादी से एक दिन पहले गाना गाते हुए अचानक एक शख्स स्टेज पर ही गिर गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन बचाया नहीं जा सका। चंद पलों में हुई इस दर्दनाक घटना को देखकर हर कोई हैरान रह गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार (25 मई) की है। हालांकि निधन की जानकारी उनकी बेटी और पत्नी को नहीं दी गई और शादी को तय समय पर ही अंजाम तक पहुंचाया गया।

तिरुवनंतपुरम पुलिस विभाग में तैनात 55 वर्षीय विष्णुप्रसाद अपनी सबसे छोटी बेटी की शादी से एक दिन पहले संगीत समारोह में स्टेज पर मलयालम का गाना ‘राकिलि पोंमागले’ गा रहे थे। वे गाने की धुन के साथ गुनगुना रहे थे तभी उन्हें कथित तौर पर कार्डियक अरेस्ट हुआ और वे गिर पड़े, बाद में उनकी मौत हो गई। घटना शनिवार की रात करीब 9:30 बजे की है। मामला कोल्लम जिले के नींडाकरा का है।

National Hindi News, 27 May 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की अहम खबरों के लिए क्लिक करें

विष्णुप्रसाद के असमय निधन की जानकारी सिर्फ चंद करीबी परिजनों को ही मिली और बेटी की शादी को नहीं रोकने का फैसला लिया। यहां तक कि दुल्हन बनी बेटी अर्चना और उसकी मां को भी नहीं बताया गया। उन्हें कहा गया कि उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। रविवार (26 मई) को विष्णुप्रसाद की बनाई गई योजना के मुताबिक ही शादी हुई। रविवार को गहनों और दुल्हन के कपड़ों में सजी अर्चना ने अपने पिता के बारे में पूछा, लेकिन उसे नहीं बताया गया। विदाई तक भी उसे पिता के असमय निधन के बारे में नहीं बताया गया। जिस शख्स से अर्चना की शादी हुई उसका नाम भी विष्णुप्रसाद ही था।

सोमवार को जब पिता का अंतिम संस्कार होना था तब सभी को पता चला। विष्णुप्रसाद करमना पुलिस थाने में सब इंस्पेक्टर थे। सिर्फ एक साल की सेवा के बाद वे रिटायर होने वाले थे। इस घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री पी विजयन ने भी दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा, ‘बेहद दुखद घटना की जानकारी मिली है। मैं विष्णुप्रसाद के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं।’