अक्सर ऑफिस में कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी या विवाद हो जाता है और ऐसे में कभी-कभी हाथापाई जैसी घटनाएं भी देखने को मिलती हैं। पर एक छोटी सी बात पर गोलियां चल जाएं, तो यह काफी चिंताजनक बात है। गुरुग्राम के एक ऑफिस में भी इसी तरह का मामला सामने आया है। यहां कुर्सी को लेकर दो कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ और लड़ाई इतनी ज्यादा बढ़ गई कि एक ने दूसरे पर गोली चला दी।
दो दिन से कुर्सी को लेकर चल रहा था झगड़ा
यह घटना गुरुग्राम में रमाडा होटल के पास एक फाइनेंशियल फर्म की है। यहां दो कर्मचारियों विशाल और अमन जांगड़ा के बीच कुर्सी को लेकर बहस हो गई। पुलिस के मुताबिक, विशाल ने बताया कि पहले मंगलवार (28 मार्च, 2023) को अमन के साथ उनकी कुर्सी को लेकर बहस हुई। बुधवार को फिर से दोनों में इस पर विवाद हो गया, जो इतना ज्यादा बढ़ गया कि विशाल ऑफिस से बाहर चले गए। विशाल ने आरोप लगाया कि जब वह रोड पर पैदल जा रहा था, तब पीछे से अमन आया और उसने अपनी पिस्टल निकाली औ विशाल पर फायरिंग कर दी।
इन धाराओं के तहत दर्ज किया गया मुकदमा
इसके बाद, पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पीड़ित को अस्पताल ले गई। विशाल के परिवार वालों को भी घटना की जानकारी दी गई। विशाल के भाई की शिकायत पर अमन जांगड़ा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अमन पर इंडियन पीनल कोड की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और आर्म्स एक्ट के सेक्शन 25-54-59 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
विशाल गुरुग्राम के सेक्टर 9 के फिरोज गांधी कॉलोनी में रहता है और आरोपी हरियाणा के हिसार का रहने वाला है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने कहा कि आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान कर ली गई और उसे पकड़ने के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई हैं, वह जल्द ही पुलिस के शिकंजे में होगा।