Madhya Pradesh Foundation Day: मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर भिंड जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मधुमक्खियों के हमले से भगदड़ मच गई। इससे कार्यक्रम में शामिल दो दर्जन से ज्यादा छात्राएं घायल हो गईं। समारोह पुलिस परेड ग्राउंड मैदान में आयोजित किया गया था। मधुमक्खियों के हमले के वक्त शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नंबर वन की छात्राएं अपना कार्यक्रम पेश करने जा रही थीं।

लोगों के भागने से मची अफरातफरी : मंच पर प्रदेश के सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ. गोविंद सिंह संबोधित कर रहे थे। तभी अचानक सामने की ओर बैठीं छात्राओं पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागे। इस अफरातफरी में कई छात्राएं घायल हो गईं। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।

Hindi News Today, 01 November 2019 LIVE Updates: दिन भर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

कई बड़े नेता भी मौजूद थे : घटना के वक्त मंत्री के अलावा कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, लेकिन किसी ने भी घायल छात्राओं की खोजखबर नहीं ली। और न ही कोई अस्पताल गया। मीडिया के लोगों ने जब मंत्री जी से इस बारे में पूछा तो वे घटना की जानकारी से ही इंकार कर दिए। जबकि घटना उनके सामने हुई और वह उस वक्त मंच पर भाषण भी दे रहे थे।

अफसरों ने जिम्मेदारी दूसरों पर डाली : कलेक्टर छोटे सिंह ने घटना के लिए पुलिस को जिम्मेदार बताया। कहा कि पुलिस लाइन के अधिकारियों की लापरवाही से यह हुआ। कोई भी अधिकारी खुद को जिम्मेदार नहीं बता रहा है। सभी एक दूसरे पर जिम्मेदारी डालने में लगे रहे। इसको लेकर स्थानीय लोगों और छात्राओं के अभिभावकों में आक्रोश है।