Mainpuri Lok Sabha By-election 2022: समाजवादी पार्टी ने लोकसभा क्षेत्र मैनपुरी के उपचुनाव के लिए डिंपल यादव को प्रत्याशी घोषित किया है। सपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इसकी जानकारी दी गई।
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव 2022 के लिए समाजवादी पार्टी ने पूर्व सीएम अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव का नाम प्रत्याशी के रूप में घोषित कर दिया है। डिंपल इससे पहले कन्नौज की सांसद थीं। गौरतलब है कि मैनपुरी में 5 दिसंबर 2022 को उपचुनाव होने हैं। मैनपुरी लोकसभा सीट मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई है। इस सीट पर यादव परिवार का कई दशकों से कब्जा रहा है।
भाजपा ने साधा निशाना: सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने कहा कि सभी पदाधिकारियों और नेताओं का मत था कि डिंपल यादव को चुनाव लड़वाया जाए। अब पार्टी उन्हें मजबूती से चुनाव लड़ाएगी और डिंपल यादव को रिकॉर्ड मतों से जीताकर लोकसभा भेजा जाएगा। वहीं, दूसरी ओर डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी ने निशाना साधा है। बीजेपी का कहना है कि समाजवादी पार्टी परिवारवाद से बाहर नहीं निकल सकती। भाजपा का दावा है कि अब मैनपुरी में भारतीय जनता पार्टी की जीत निश्चित हो गई है।
परिवार में लड़ रहे अखिलेश: बीजेपी सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव परिवार में लड़ रहे हैं। जब तक मुलायम सिंह यादव थे तब तक मैनपुरी में उनका दबदबा था, लेकिन जब अब वो नहीं रहे तो भाजपा यह चुनाव मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि डिंपल यादव कन्नौज और फिरोजाबाद से पहले भी हार चुकी हैं। अब एक बार फिर उन्हें मैनपुरी से हार मिलनी तय है। वहीं, बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा, “सपा में कार्यकर्ता तो केवल जिंदाबाद-मुर्दाबाद नारे लगाने के लिए बचे हैं, चुनाव लड़ने का अधिकार केवल सैफई कुनबे के पास है। मैनपुरी में इस बार भाजपा का कमल खिलेगा।”
2009 में लड़ा था पहला चुनाव: 44 वर्षीय डिंपल यादव ने अपना पहला चुनाव 2009 में फिरोजाबाद सीट से लड़ा था। इस उपचुनाव में डिंपल यादव को मशहूर अभिनेता राज बब्बर को हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2012 में कन्नौज लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में डिंपल यादव निर्विरोध जीत गई थीं। 2014 के लोकसभा चुनाव में भी डिंपल यादव ने कन्नौज से चुनाव जीता, लेकिन 2019 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
