Dimple Yadav Birthday: 15 जनवरी को डिंपल यादव का जन्मदिन है। डिंपल यादव मैनपुरी से लोकसभा की सांसद हैं और उनके जन्मदिन के मौके को बेहद खास बनाने के लिए सपा कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, मैनपुरी और कन्नौज के सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 15 जनवरी को डिंपल यादव का जन्मदिन मनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
डिंपल यादव अपने जन्मदिन को बेहद सिंपल रखना चाहती हैं लेकिन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस मौके को बेहद खास बनाने के लिए हवन कार्यक्रमों के अलावा कंबल वितरण और दोनों पार्टी दफ्तरों पर केक कटिंग की प्लानिंग भी कर रहे हैं।
सपा नेत्री डिंपल यादव दूसरी बार मैनपुरी से सांसद चुनी गई हैं। 2024 लोकसभा चुनाव में मिली जीत के साथ उनका सियासी कद भी बढ़ा और वो पब्लिक लाइफ में भी ज्यादा एक्टिव नजर आ रही हैं। रिपोर्ट में जानकारी दी गई है कि डिंपल यादव के कई समर्थक उनके जन्मदिन के लिए लखनऊ की एक मशहूर बेकरी से केक लेने की प्लानिंग कर रहे हैं। केक के डिजाइन पर अभी भी चर्चा चल रही है।
अखिलेश यादव या डिंपल यादव, कौना ज्यादा अमीर? लखनऊ से सैफई तक में है करोड़ों की संपत्ति
Mainpuri Lok Sabha Election Result 2024: डिंपल को मिली बड़ी जीत
डिंपल यादव ने पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में मैनपुरी लोकसभा सीट से बड़ी जीत दर्ज की। मैनपुरी लोकसभा सीट पर डिंपल यादव ने बीजेपी प्रत्याशी और योगी सरकार में मंत्री जयवीर सिंह को दो लाख से ज्यादा वोटों से चुनाव हराया। इस चुनाव में डिंपल यादव को 5,98,526 वोट हासिल हुए जबकि उनके सामने चुनाव लड़े जयवीर सिंह को 3,76,887 वोटों से संतोष करना पड़ा। मैनपुरी लोकसभा चुनाव 2024 में डिंपल यादव ने जयवीर सिंह से 2,21,639 ज्यादा वोट प्राप्त किए। मैनपुरी सीट पर बसपा का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और उनके प्रत्याशी शिव प्रसाद यादव को महज 66,814 वोट हासिल हुए।
2019 में कन्नौज हार गई थीं डिंपल, 2024 में अखिलेश ने लहराया परचम
इससे पहले डिंपल यादव साल 2019 के लोकसभा चुनाव में कन्नौज से चुनाव लड़ी थीं। उस चुनाव में सपा और बसपा के लिए गठबंधन था लेकिन बावजूद इसके सपा अपने गढ़ में करीबी मुकाबले में हार गई थी। 2019 चुनाव में बीजेपी के सुब्रत पाठक ने कन्नौज लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की थी। पिछले साल हुए लोकसभा चुनावों में सपा प्रमुख अखिलेश यादव इस सीट से लड़े और उन्होंने बीजेपी सुब्रत पाठक को 1,70,922 वोटों से मात दी। इस चुनाव में अखिलेश यादव को 6,42,292 वोट प्राप्त हुए। अगर 2019 के लोकसभा चुनाव को छोड़ दिया जाए तो कन्नौज लोकसभा सीट पर साल 1998 से सपा का कब्जा है।