दिल्ली एनसीआर में बुधवार शाम कई इलाकों में जबरदस्त बारिश हुई। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में कई दिनों बाद हुई बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली के कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से लेकर बहुत हल्की बारिश होने की संभावना जताई थी।

कल दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 से 36°C और 24 से 26°C के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया है कि न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहेगा और अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 2°C तक अधिक रह सकता है।

इसी तरह शुक्रवार को भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33 से 35°C और 23 से 25°C के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-2°C तक कम और अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।

यह भी पढ़ें: ‘हमने घर का दरवाजा तक बंद नहीं किया, बस जान बचाकर भागे’, बारिश के चलते मुंबई की झुग्गियों में रहने वालों के फर्नीचर, राशन खराब

पूर्वी भारत में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, झारखंड, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 17 सितम्बर को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। बिहार में 17 से 20 सितम्बर तक, वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 17 से 19 सितम्बर तक भारी वर्षा का अनुमान है। इन इलाकों में 17 सितम्बर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 18 से 21 सितम्बर तक बारिश जारी रहेगी। पूर्वी भारत में अगले 5–6 दिनों तक गरज-चमक के साथ 30–40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

पूर्वोत्तर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार,  अरुणाचल प्रदेश में 17 से 19 सितम्बर तक, असम और मेघालय में 17 से 23 सितम्बर तक तथा नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 19 से 23 सितम्बर तक बारिश होने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश में 17 सितम्बर को कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा हो सकती है।

उत्तराखंड और पूर्वी भारत में भारी बारिश की संभावना

उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 और 18 सितम्बर को, जबकि उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र में 17 सितम्बर को भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा तमिलनाडु में 17 से 19 सितम्बर तक, वहीं केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 17 और 18 सितम्बर को बारिश का अनुमान है। तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 17 सितम्बर को भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा  महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में 17 सितम्बर को, जबकि कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 17 और 18 सितम्बर को भारी बारिश की संभावना है।

यह भी पढ़ें: अगस्त के आखिरी हफ्ते में भी मॉनसून का दिखा असर, बारिश और आपदा से उत्तर से दक्षिण तक देश रहा परेशान