दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि दिल्ली की हवाएं फिर से खराब स्थिति में चली गई है। 20 अक्तूबर को दिल्ली में वायु गुणवत्ता का स्तर 221 तक पहुंच गया है। यह श्रेणी खराब यानी 201 से 300 के बीच रही है। जबकि हवाओं में पीएम 10 का स्तर 188 और पीएम 2.5 का स्तर 94 दर्ज किया गया है। पीएम 2.5 का स्तर भी खराब श्रेणी में ही दर्ज किया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री मंगलवार को दिल्ली की स्थिति का आंकड़ा भी जारी किया।
जिसमें उन्होंने बताया कि 19 अक्तूबर को वायु गुणवत्ता का स्तर केवल 69 था। जो संतोषजनक स्थिति में था। जबकि पीएम 10 का स्तर 66 और पीएम 2.5 का स्तर 32 दर्ज किया गया था। दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सीधी नजर रखे हुए हैं और लगातार हर दिन की स्थिति को सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनता तक पहुंचा रहे हैं।
इससे पूर्व उन्होंने देश के अन्य राज्यों में पराली जलने की घटनाओं को लेकर एक चार्ट जारी किया था, जिसमें आसपास के राज्यों में आगजनी की घटनाओं की स्थिति बताने की कोशिश की गई थी। उस समय दिल्ली का प्रदूषण का स्तर 300 के पार यानी गंभीर स्थिति में चला गया था। बारिश के बाद इस प्रदूषण स्तर में गिरावट दर्ज की गई है।
विधायक चलाएंगे प्रदूषण के खिलाफ मुहिम : गोपाल राय
दिल्ली के सभी विधायक गुरुवार से प्रदूषण के खिलाफ सरकार की मुहिम में शामिल होंगे। इसकी शुरुआत चंदगी राम अखाड़े से होगी। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने दिल्ली वालों से ‘लाल बत्ती गाड़ी बंद’ अभियान में अपना सक्रिय योगदान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के दो करोड़ लोग इस महाअभियान में जिम्मेदारी के साथ अपना योगदान देते हैं, तो दिल्ली में वाहन प्रदूषण 15 से 20 फीसद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी 18 नवंबर तक चलेगा। अभियान के लिए शहर के 100 यातायात चौराहों पर सुबह आठ बजे से दिन में दो बजे और दिन में दो बजे से रात आठ बजे तक दो पालियों में 2500 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को तैनात किया जाएगा।