यमुना नदी के कायाकल्प की दिशा में केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर तेजी से काम कर रही है। प्रयास सिर्फ यमुना को साफ और अविरल बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसे एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की भी व्यापक योजना पर काम किया जा रहा है।

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की ओर से भी इस दिशा में कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। यमुना रिवरफ्रंट डेवलपमेंट के तहत वह ऐसी योजनाओं पर काम कर रहा है जिससे आने वाले दिनों में यमुना किनारा पर्यटकों को आकर्षित करने वाला बनेगा। डीडीए की तरफ से यमुना किनारे विकसित किए गए पार्क में मनोरंजन के लिए खास व्यवस्था होगी। दिल्ली के मुख्य सचिव धर्मेंद्र की अध्यक्षता में हुई हालिया बैठक में यमुना नदी के विकास, सार्वजनिक सुविधाओं के साथ साथ मनोरंजन क्षेत्रों और जन भागीदारी एवं जागरूकता बढ़ाने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई।

यमुना किनारे साइकिल ट्रैक विकसित करने की योजना

डीडीए ने अवगत कराया है कि उसकी तरफ से यमुना किनारे साइकिल ट्रैक विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। यह यमुना नदी के प्रति लोगों को ज्यादा आकर्षित करने का काम करेगा। दिल्ली विकास प्राधिकरण ने स्थिति स्पष्ट की है कि साइकिल ट्रैक विकसित करने को लेकर प्रक्रिया चल रही है और इसको लेकर अनुमान (एस्टीमेट) भी तैयार कर लिए गए हैं।

दिल्ली: BMW कार ने बाइक को मारी टक्कर, वित्त मंत्रालय के डिप्टी सेक्रेटरी की मौत

मुख्य सचिव के समक्ष इस बात को भी जोर शोर से रखा गया है कि इस योजना को अमल में लाने के लिए बांधों पर निर्माण करने की जरूरत होगी। इसको लेकर दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (आइएफसीडी) और कुछ जगहों पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना जरूरी है। इस दिशा में तेजी के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है। साइकिल ट्रैक विकसित करने संबंधी योजना के कार्य को 15 सितंबर से आबंटित करने की प्रबल संभावना जताई है। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग, डीडीए और आइएफसीडी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

इस बीच देखा जाए तो डीडीए द्वारा यमुना किनारे के विकास के तहत तीन प्रमुख पार्कों (बांसरेरा, असिता पूर्व और यमुना वाटिका) को नए मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पहले ही बनाई गई है। इन स्थलों पर कैफे, ओपन एयर मार्केट और सांस्कृतिक प्रदर्शन की व्यवस्था होगी। इससे न केवल आमजन की आवाजाही बढ़ेगी, बल्कि पारंपरिक संस्कृति और कला को भी बढ़ावा मिलने की संभावना जताई गई है।